Uttar Pradesh से 30 मीट्रिक टन चौसा और लंगड़ा आम का होगा निर्यात, सहारनपुर के किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार

LAW SECTION राष्ट्रीय
Spread the love

Uttar Pradesh सरकार ने सहारनपुर से 30 मीट्रिक टन चौसा और लंगड़ा आम के निर्यात की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कृषि विपणन विभाग, विदेश व्यापार विभाग और कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के संयुक्त सहयोग से यह निर्यात किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के आम उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना, उनकी आय बढ़ाना और उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना है।

इस संबंध में रविवार को सहारनपुर के नवीन मंडी स्थल पर आम उत्पादकों और निर्यातकों के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), निर्यातकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान आम के निर्यात को बढ़ावा देने और किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान लाडवा फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, सहारनपुर और बीएमएस ऑर्गेनिक एफपीओ, लखनऊ के बीच 30 मीट्रिक टन चौसा और लंगड़ा आम के निर्यात के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत सहारनपुर के किसानों द्वारा उत्पादित उच्च गुणवत्ता वाले आम को विदेशी बाजारों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे स्थानीय बागवानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावना है।

कार्यक्रम में किसानों और निर्यातकों को आम की गुणवत्ता बनाए रखने, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, एपीडा पंजीकरण और निर्यात प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं। विशेषज्ञों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता और पैकेजिंग सुनिश्चित करने से भारतीय आम की वैश्विक बाजार में मांग और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी।

वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के समझौते किसानों के लिए लाभकारी साबित होंगे क्योंकि इससे उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। साथ ही किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को भी मजबूती मिलेगी और सहारनपुर से कृषि एवं बागवानी उत्पादों के निर्यात को नई गति प्राप्त होगी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसे और भी समझौते किए जाएंगे, जिससे उत्तर प्रदेश के किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक सीधी पहुंच मिल सके और प्रदेश की कृषि निर्यात क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *