चौथा T-20 : भारत ने इंग्लैंड को 8 रन से हराया, श्रृंखला 2-2 से बराबर

SPORTS खेल
Spread the love

सूर्यकुमार (Suryakumar) यादव के आकर्षक अर्धशतक तथा शार्दुल ठाकुर और हार्दिक पंड्या की शानदार गेंदबाजी से भारत ने चौथे टी20 (T-20) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में गुरुवार देर रात अहमदाबाद में इंग्लैंड को आठ रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला 2-2 से बराबर कर ली।

सूर्यकुमार ने विवादास्पद तरीके से आउट दिये जाने से पहले 31 गेंदों पर 57 रन बनाये जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल हैं। उनके अलावा श्रेयस अय्यर (18 गेंदों पर 37 रन, पांच चौके, एक छक्का) और ऋषभ पंत (23 गेंदों पर 30 रन, चार चौके) ने उपयोगी योगदान दिया जिससे भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किये जाने पर आठ विकेट पर 185 रन बनाये।

इंग्लैंड की तरफ से आर्चर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 33 रन देकर चार विकेट लिये, लेकिन उसका कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल पाया। जैसन रॉय (27 गेंदों पर 40, छह चौके, एक छक्का) और बेन स्टोक्स (23 गेंदों पर 46, चार चौके, तीन छक्के) ने भारत के समीकरण बिगाड़ने की कोशिश की, जबकि आर्चर (आठ गेंदों पर नाबाद 18) ने मैच को रोमांचक बनाया लेकिन आखिर में इंग्लैंड आठ विकेट पर 177 रन तक ही पहुंच पाया। भारत की तरफ से पंड्या ने चार ओवर में 16 रन देकर दो विकेट लिये। ठाकुर (42 रन देकर तीन) भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे जबकि लेग स्पिनर राहुल चहर ने 35 रन देकर दो विकेट हासिल किये।

भुवनेश्वर कुमार ने 30 रन देकर एक विकेट लिया। भुवनेश्वर ने पिछले मैच के नायक जोस बटलर (नौ) को शुरू में चलता कर दिया लेकिन रॉय ने कुछ करारे शॉट जमाकर रन गति बनाये रखी। जिससे इंग्लैंड ने पावरप्ले में 48 रन बनाये। पावरप्ले के बाद गेंद संभालने वाले चहर ने अपने पहले ओवर में ही गुगली पर डाविड मलान (17 गेंदों पर 14) को बोल्ड किया जो उसे रिवर्स स्वीप करना चाहते थे। पंड्या ने रॉय को पटकी गेंद पर डीप मिडविकेट खड़े सूर्यकुमार के हाथों कैच कराकर इंग्लैंड पर दबाव बना दिया। स्टोक्स ने दोनों स्पिनरों वाशिंगटर सुंदर और चहर पर छक्के जड़कर इंग्लैंड की उम्मीदें जगायी जबकि जॉनी बेयरस्टॉ (25) ने सुंदर के आखिरी ओवर में दो चौके और छक्का लगाकर उनका गेंदबाजी विश्लेषण बिगाड़ दिया। सुंदर ने चार ओवर में 52 रन लुटाये।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *