WB (पश्चिम बंगाल) की 35 विधानसभा सीटों (Assembly Seats) के लिए आठवें एवं अंतिम चरण में गुरुवार को हुए मतदान में शाम पांच बजे तक करीब 76.07 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
निर्वाचन आयोग (ECI) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इन विधानसभा सीटों (Assembly Seats) के लिए 11 हजार 860 मतदान केंद्रों पर अंतिम चरण का मतदान सम्पन्न कराया गया। इन मतदान केंद्रों पर 283 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत मतपेटियों में बंद हो गयी, जिनमें 248 पुरुष और शेष 35 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। कोरोना महामारी के मद्देनजर संबंधित दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया गया।
आयोग के अनुसार, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए 6,074 मतदान केंद्रों (51 फीसदी से अधिक) पर लाइव मोनिटरिंग (Live Monitoring) और वेबकास्टिंग (Webcasting) की व्यवस्था की गयी थी। इस चरण में 11 हजार 860 बैलेट यूनिट (Ballot Unit) तथा कंट्रोल यूनिट (Control Unit) एवं इतनी ही संख्या में वीवीपैट (VVPAT) का इस्तेमाल किया गया।
अंतिम चरण तक पश्चिम बंगाल में 339 करोड़ 45 लाख रुपये की रिकॉर्ड बरामदगी की गयी है, जिसमें नकद राशि, शराब, मादक पदार्थों और मुफ्त उपहार आदि शामिल हैं।
इस चरण के लिए पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 84 लाख 78 हजार 274 थी, जिनमें 41 लाख 22 हजार 35 महिला मतदाता और 159 किन्नर भी शामिल हैं। इस चरण में 24 सामान्य और नौ पुलिस पर्यवेक्षक (Observer) तैनात किये गये थे, जबकि व्यय पर्यवेक्षकों की संख्या 10 थी।