श्रीहरिकोटा : भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र ने शनिवार को एक नया इतिहास रच दिया। हैदराबाद स्थित स्काईरूट एयरोस्पेस के पहले निजी ऑर्बिटल रॉकेट Vikram-1 ने सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में उड़ान भरते हुए निर्धारित कक्षा (ऑर्बिट) में प्रवेश कर लिया। इस उपलब्धि पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन और IN-SPACe के अध्यक्ष डॉ. पवन गोयनका ने स्काईरूट की टीम को बधाई देते हुए इसे भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
‘आगमन मिशन’ नाम से लॉन्च किए गए Vikram-1 रॉकेट ने श्रीहरिकोटा के प्रथम लॉन्च पैड से उड़ान भरी। हालांकि, लॉन्च से पहले ऑनबोर्ड कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी पाए जाने के कारण मिशन में लगभग 35 मिनट की देरी हुई। समस्या का समाधान होने के बाद रॉकेट ने सफलतापूर्वक उड़ान भरी और करीब 15 मिनट में अपनी निर्धारित कक्षा में पहुंच गया।
ISRO अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने स्काईरूट टीम को बधाई देते हुए कहा कि विक्रम-1 मिशन की सफलता वर्षों की मेहनत, नवाचार, धैर्य और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ISRO और IN-SPACe उद्योग जगत के साथ मिलकर भारत के अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि देश वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी अंतरिक्ष शक्ति के रूप में आगे बढ़ सके।
IN-SPACe के अध्यक्ष डॉ. पवन गोयनका ने इसे केवल स्काईरूट ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अब भारत उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है, जहां एक निजी कंपनी ने अपने पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक ऑर्बिटल मिशन पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे एक हजार से अधिक लोगों और करीब 400 आपूर्तिकर्ताओं की वर्षों की मेहनत शामिल है।
स्काईरूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पवन कुमार चंदाना ने कहा कि विक्रम-1 ने अपनी निर्धारित कक्षा में पहुंचकर कंपनी के SCOPE उपग्रह, Grahaa Space के Solaras उपग्रह और अन्य वैज्ञानिक प्रयोगों को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि भारत के पास विश्वस्तरीय प्रक्षेपण यान विकसित करने और वैश्विक अंतरिक्ष बाजार की जरूरतों को पूरा करने की तकनीकी क्षमता और औद्योगिक शक्ति मौजूद है।