सुशांत सिंह राजपूत की मौत हत्या थी या आत्महत्या? यह गुत्थी अब जल्द ही सुलझ सकती है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, एम्स की फॉरेंसिंक टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट सीबीआई को सौंप दी है। अब सीबीआई उस रिपोर्ट का विश्लेषण कर रही है और इसके बाद ही सीबीआई किसी नतीजे पर पहुंचेगी.
सीबीआई ने बयान जारी कर कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो पेशेवर जांच कर रहा है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है. अभी तक किसी भी पहलू से इनकार नहीं किया गया है. दरअसल सुशांत के परिवार के बाद उनके वकील विकास सिंह ने अभिनेता की मौत की जांच कर रही केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) की गति पर नाराजगी जाहिर की थी.
पिछले दिनों सुशांत सिंह के पिता केके सिंह के वकील विकास सिंह ने एक ट्वीट में सीबीआई जांच पर सवाल उठाया था. उन्होंने लिखा था, ‘सुशांत सिंह राजपूत को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले को सीबीआई हत्या के मामले में बदलने में देरी कर रही है, इससे निराशा बढ़ रही है. एम्स टीम का हिस्सा रहे एक डॉक्टर ने मुझे बहुत पहले ही बता दिया था कि मेरे द्वारा भेजे गए फोटोज 200% इशारा कर रहे हैं कि ये मौत गला घोंटने से हुई है, न कि आत्महत्या से.’ हालांकि, एम्स की टीम ने सिंह के दावे का खंडन किया था.
वहीं, सीबीआई ने बयान जारी कर कहा है कि सुशांत सिंह राजपूत मामले में अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका है. फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है. सीबीआई को ऑटोप्सी और विसरा की जांच रिपोर्ट सौंपी गई है. सीबीआई दूसरे साक्ष्यों से रिपोर्ट का मिलान करेगी. रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई अपनी जांच आगे बढ़ाएगी.
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को अपने मुंबई के फ्लैट में मृत पाए गए थे हालांकि मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया था, लेकिन अटकलें थीं कि यह हत्या भी हो सकती है. सुप्रीम कोर्ट से मंजूरी के साथ मामले की जांच कर रही सीबीआई ने कहा कि वह सभी कोणों को कवर कर रही है.