AISF-AIYF ने छात्र-युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों और विशेष रूप से 14वीं जेपीएससी परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर 10 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है।
AISF के प्रदेश सह सचिव अफजल दुर्रानी ने जारी बयान में कहा कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा को लेकर छात्रों और अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे विवाद और कथित अनियमितताओं के कारण झारखंड के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। सरकार को छात्रों की आवाज सुनते हुए तत्काल 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि 10 अगस्त का झारखंड बंद छात्रों और युवाओं के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक लड़ाई है। सरकार यदि समय रहते छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
AISF और AIYF ने 14वीं जेपीएससी परीक्षा तत्काल रद्द करने, JPSC एवं JSSC की परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने तथा सभी लंबित बैकलॉग नियुक्तियों को अविलंब पूरा करने की मांग की है।
इसके अलावा संगठनों ने क्लस्टर सिस्टम वापस लेने, ई-कल्याण छात्रवृत्ति की लंबित राशि का अविलंब भुगतान करने तथा परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
एआईएसएफ ने झारखंड के छात्रों, युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों से 10 अगस्त को आहूत झारखंड बंद को सफल बनाने की अपील की है।