कृषि सुधार कानूनों को लेकर लंबे समय से जारी किसान आंदोलनों की बढ़ती तपिश के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने इन कृषि सुधारों का रविवार को बचाव करते हुए कहा कि इन कानूनों से किसानों के लिए नयी संभावनाओं के द्वार खुले हैं।
श्री मोदी ने आकाशवाणी (AIR) पर हर महीने के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा कि इन कानूनों से न सिर्फ किसानों के अनेक बंधन समाप्त हुए हैं बल्कि उन्हें अधिकार और अवसर भी मिले हैं। मोदी के दूसरे कार्यकाल का यह 18वां मन की बात कार्यक्रम था।
उन्होंने मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत वाराणसी से चोरी हुई देवी अन्नपूर्णा की प्राचीन मूर्ति के कनाडा से वापस लाये जाने की खुशखबरी से की। यह मूर्ति लगभग 100 साल पहले वाराणसी के एक मंदिर से चोरी हो गयी थी। श्री मोदी ने कहा कि माता अन्नपूर्णा की प्रतिमा की तरह ही भारतीय सांस्कृतिक विरासत की अनेक अनमोल धरोहरें, अंतरराष्ट्रीय गिरोहों का शिकार होती रही हैं। ये गिरोह अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन्हें बहुत ऊंची कीमत पर बेचते हैं। अब इन पर सख्ती तो लगाई ही जा रही है और इनकी वापसी के लिए भारत ने अपने प्रयास भी तेज किये हैं। सांस्कृतिक मसलों और युवाओं से विभिन्न प्रकार की अपील करते हुए वह कृषि सुधार कानूनों की बात तक पहुंचे और विभिन्न किसानों का उदाहरण देकर कृषि सुधार कानूनों के लाभ गिनाये और सरकार के फैसले का बचाव किया।
प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत में खेती और उससे जुड़ी चीजों के साथ नये आयाम जुड़ रहे हैं। बीते दिनों हुए कृषि सुधारों ने किसानों के लिए नयी संभावनाओं के द्वार खोले हैं। बरसों से किसानों की जो मांग थी, जिन मांगों को पूरा करने के लिए किसी न किसी समय में हर राजनीतिक दल ने उनसे वायदा किया था, वे मांगें पूरी हुई हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि काफी विचार विमर्श के बाद संसद ने कृषि सुधारों को कानूनी स्वरूप दिया। इन सुधारों से न सिर्फ किसानों के अनेक बंधन समाप्त हुए हैं, बल्कि उन्हें नये अधिकार भी मिले हैं, नये अवसर भी मिले हैं।
उन्होंने इस संबंध में कई किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि इन अधिकारों ने बहुत ही कम समय में किसानों की परेशानियों को कम करना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कानून में एक और बहुत बड़ी बात है कि इन कानूनों में ये प्रावधान किये गये हैं कि क्षेत्र के एसडडीएम को एक महीने के भीतर किसानों की शिकायत का निपटारा करना होगा।