पश्चिम बंगाल (WB) विधानसभा चुनाव (Assembly Election) के चौथे चरण में छिटपुट हिंसा के बीच शनिवार को 44 सीटों पर मतदान सम्पन्न हो गया। इन क्षेत्रों में 80.09 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस दौरान चुनावी हिंसा में कम से कम पांच लोगों की माैत हो गयी।
बंगाल में चौथे चरण के मतदान के दौरान कूचबिहार (Cooch Behar) के शीतलकुची में कुछ लोगों की ओर से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) पर हमले के बाद CISF के जवानों की ओर से कथित रूप से की गयी फायरिंग में कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी।
इससे पहले कूचबिहार (Cooch Behar) के शीतलकुची के पागलपीर में पहली बार मतदान करने के लिए लाइन में खड़े एक युवक की हथियारों से लैस एक समूह ने गोली मार कर हत्या कर दी है। युवक की पहचान आनंद बर्मन के रूप में हुई है।
चुनाव आयोग (ECI) ने गोलीबारी की घटना को लेकर विशेष पर्यवेक्षक और मुख्य चुनाव अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने विशेष पर्यवेक्षक की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर शीतलकुची के मतदान केंद्र संख्या 125 पर मतदान स्थगित कर दिया है।
सूत्रों ने बताया कि चुनाव आयोग ने राज्य में बाकी बचे चार चरणों के मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल 71 अतिरिक्त कंपनियां भेजने का केंद्रीय गृह मंत्रालय को निर्देश दिया है।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी (Mamta Banerjee) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से शीतलकुची फायरिंग के लिए इस्तीफा देने की मांग की है। तृणमूल ने दावा किया है कि कूचबिहार में मारे गये चार लोग पार्टी के कार्यकर्ता थे। उन्होंने कूचबिहार की घटना को पूर्व नियोजित करार दिया तथा कहा, “हम शीतलकुची में केंद्रीय बलों द्वारा की गयी गोलीबारी की घटना की अपराध जांच विभाग से जांच कराने का आदेश देंगे।”

इस बीच, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने शीतलकुची के जोरपटकी में मतदान केंद्र संख्या 126 के बाहर फायरिंग में चार नागरिकों के मारे जाने संबंधी मीडिया रिपोर्टाें को लेकर स्पष्ट किया है कि उक्त मतदान केंद्र पर न तो उन्हें तैनात किया गया था और न ही वह किसी प्रकार से इस घटना में शामिल थे।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कसबा से उम्मीदवार इंद्रनील खान (Indranil Khan) को मतदान केंद्र में घुसने पर कथित रूप से रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थकों के घरों में तोड़फोड़ की गयी तथा पार्टी के लोगों को धमकाया गया।
श्री खान की शिकायत पर तृणमूल के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा उत्तर हावड़ा (North Howrah) क्षेत्र के गोलाबारी क्षेत्र में बम विस्फोट की घटना भी सामने आयी है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।