पटना : बिहार (Bihar) के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने राज्य के सरकारी बसों के निर्बाध परिचालन (एनओसी) के लिए दिल्ली और उत्तरप्रदेश सरकार को पत्र लिखा है।
बिहार के परिवहन मंत्री ने मंगलवार (तीन फरवरी) को बताया कि उन्होंने राज्य के सरकारी बसों के निर्बाध परिचालन (एनओसी) के लिए दिल्ली और उत्तरप्रदेश के परिवहन मंत्रियों को पत्र लिखा है।
कुमार ने दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह को 30 जनवरी को लिखे अपने पत्र में कहा है कि बिहार एवं दिल्ली के मध्य यात्रियों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दोनों राज्यों के बीच पारस्परिक परिवहन समझौता पर विचार किया जा रहा है। इसके आलोक में दोनों राज्यों के मध्य पारस्परिक परिवहन समझौता किये जाने के बिन्दु पर विमर्श के लिए तिथि, समय एवं स्थान निर्धारित करने का अनुरोध किया गया है, ताकि दोनों राज्यों के प्रतिनिधि विमर्श कर समझौता किये जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर सकें, परन्तु इस संबंध में दिल्ली सरकार से सूचना प्राप्त नहीं हो सकी है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि बिहार-हरियाणा पारस्परिक परिवहन समझौता प्रस्तावित है, जिसमें कतिपय मार्गों का परिचालन दिल्ली राज्य से होते हुए किया जाना है। इस संबंध में मोटरयान अधिनियम में निहित प्रावधानों के आलोक में उत्तर प्रदेश की सहमति भी अपेक्षित है।
श्रवण कुमार ने उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का भी लिखे पत्र में कहा है कि बिहार एवं उत्तर प्रदेश के बीच वर्ष 2010 में हुए पारस्परिक परिवहन समझौता के अन्तर्गत परिवहन उपक्रम के बसों के परिचालन के लिए पूर्व से आरक्षित 25 मार्गों के अतिरिक्त 27 नये मार्गों पर वाहनों के परिचालन के लिए नये मार्गों को समझौता में शामिल करने हेतु उत्तर प्रदेश के परिवहन सचिव से अनुरोध किया गया है, पर इस संबंध में सहमति अबतक अप्राप्त है।
#बिहार #परिवहनविभाग #दिल्ली-पटना #बिहार-उत्तरप्रदेश #दयाशंकरसिंह #श्रवणकुमार #पंकजकुमारसिंह
#Bihar #TransportDepartment #Delhi-Patna #Bihar-UP #DayaShankarSingh #ShravanKumar #PankajKumarSingh