बिहार के राज्यपाल विधानमंडल के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए

Bihar: विकास के मामले में और अधिक रफ्तार पकड़ेगा: आरिफ मोहम्मद खान

प्रादेशिक समाचार
Spread the love

अनवर सईद

पटना: बिहार (Bihar) के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अगले पांच साल में विकास कार्यों के और रफ्तार पकड़ने का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यह राज्य सबसे विकसित राज्यों में शामिल होगा और राष्ट्रीय प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

खान ने बजट सत्र के पहले दिन बिहार विधानमंडल के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए सरकार की भावी रणनीतियों की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा राज्य के विकास की गति को और तेज करने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में विश्वास व्यक्त किया कि अगले पांच वर्षों में विकास कार्य और तेज होंगे, जिससे बिहार देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल होगा और राष्ट्रीय प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

खान ने कहा कि 2025–2030 की अवधि के लिए ‘सात निश्चय–तीन’ के अंतर्गत कार्यक्रम तैयार किए गए हैं, जिनमें पहला निश्चय “दोगुना रोजगार, दोगुनी आय” के तहत राज्य की प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने से संबंधित है।

‘‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’’ राज्य सरकार का दूसरा निश्चय है, जिसके तहत प्रदेश में उद्योगों की स्थापना पर विशेष जोर दिया जा रहा है। खान ने अपने अभिभाषण में कहा कि इस निश्चय के तहत सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने के प्रयास किये जा रहे हैं, जबकि तीसरे निश्चय “कृषि में प्रगति, राज्य की समृद्धि” के अंतर्गत कृषि को और सशक्त बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे किसानों की आय में और वृद्धि हो सके।

खान ने कहा कि चौथा निश्चय “उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य” प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल और डिग्री कॉलेज खोलने तथा पटना में एक नये एजुकेशन सिटी के निर्माण का प्रावधान करता है।

राज्य सरकार का पांचवा निश्चय “सुलभ, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन” के तहत प्रखंड स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को विशेष चिकित्सा केंद्रों में और जिला स्तरीय अस्पतालों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में विकसित करने की परिकल्पना है।

खान ने कहा कि छठे निश्चय “मजबूत आधार, आधुनिक विस्तार” के अंतर्गत सुनियोजित शहरी विकास, नये एक्सप्रेसवे का निर्माण, ग्रामीण सड़कों का चौड़ीकरण तथा पर्यटन क्षेत्र के विकास पर बल दिया गया है, वहीं सातवां निश्चय “सबका सम्मान, जीवन की सुगमता” संवेदनशील और उत्तरदायी प्रशासन के माध्यम से सभी नागरिकों के जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने पर केंद्रित है।

उन्होंने न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर जोर देते हुए कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सरकार के विकास प्रयासों में सभी सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा जताई और आशा व्यक्त की कि सभी विधायक सत्र के संचालन में जिम्मेदार और रचनात्मक भूमिका निभाएंगे।

राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार को निरंतर सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2024 के केंद्रीय बजट में बिहार के लिए सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़े आवंटन की घोषणा की गई थी। फरवरी 2025 के बजट में मखाना बोर्ड की स्थापना, नये हवाई अड्डों और पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता की घोषणाएं की गईं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष बिहार में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स प्रदेश के लिए गर्व का विषय था और इसके लिए राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *