बिहार में अपराधियों का आतंक जारी है। आए दिन बेखौफ अपराधी पुलिस को चुनौती देते हुए बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला वैशाली जिले के भिखनपुरा बिलचौक का है जहां आरोपी मिथलेश महतो ने आपसी रंजिश के चलते अपने ही दोस्त मो. सोहिल को गोली मार दी। घटना के बाद युवक फरार हो गया है।
घायल मो. सोहिल को एम्बुलेंस से इलाज के लिए महनार सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
गौरतलब है कि मो. सोहिल इस बार पंचायती चुनाव में वार्ड उम्मीदवार के रूप में दावेदारी पेश की थी। मो. सोहिल बिलट चौक पर कपड़ा सिलने की दुकान चलाता है। घटना के बाद आरोपी के घर छानबीन करने गई चांदपुरा ओपी और देसरी पुलिस को घर की तलाशी नहीं लेने दी गई।
पुलिस आरोपी के परिवार वालों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गयी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आक्रोश व्यक्त किया और आरोपी की गिरफ़्तारी की मांग की।