BJP उम्मीदवारों की दूसरी सूची पर केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक

POLITICS राष्ट्रीय
Spread the love

BJP के उम्मीदवारों की पहली सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजनाथ सिंह सहित 195 नेताओं के नामों की घोषणा पिछले दिनों की गयी थी, लेकिन सोमवार को दूसरी सूची को अंतिम रूप देने के लिए केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने चयन की कवायद की। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पार्टी मुख्यालय में यह बैठक देर रात तक जारी रही। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय चुनाव समिति यानी सीईसी की इस बैठक में मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा के अलावा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। ऐसा समझा जाता है कि उम्मीदवारों की दूसरी सूची एक-दो रोज में जारी की जाएगी।

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आज की बैठक में आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की जा रही है। गौरतलब है कि हरियाणा में जननायक जनता पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर स्थानीय भाजपा नेताओं में एकराय नहीं हैं, लेकिन फिर भी सीईसी की बैठक से पहले हरियाणा के उपमुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला ने नड्डा के साथ राज्य में दोनों सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत की।

भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जजपा ने विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी के साथ गठबंधन किया था।

नड्डा और शाह ने पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग राज्यों की चुनाव समितियों और वहां के वरिष्ठ नेताओं के साथ विभिन्न बैठकें कर उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श किया है।

भाजपा की सीईसी की बैठक एक मार्च को हुई थी और इसके अगले दिन पार्टी ने 16 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी। इस सूची में मोदी (वाराणसी), शाह (गांधीनगर) और रक्षा मंत्री सिंह (लखनऊ) के नाम भी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *