कंगना के दफ्तर के बाद अब घर पर बीएमसी की नज़र, अवैध निर्माण को लेकर नोटिस भेजा

मनोरंजन
Spread the love

मुंबई: अभिनेत्री कंगना रनौत और महाराष्ट्र सरकार के बीच जारी विवाद के बीच अब बीएमसी ने कंगना को एक और झटका देने की तैयारी कर ली है। सूत्रों के मुताबिक बीएमसी ने अभिनेत्री के खार वाले घर में कथित अवैध निर्माण को लेकर नोटिस भेजा है। इससे पहले बीएमसी ने आनन-फानन में कंगना के पाली हिल में बने दफ्तर में अवैध निर्माण का हवाला देते हुए बुलडोज़र चलाया था। अब बीएमसी ने कंगना के घर को निशाने पर लिया है और वहां अवैध निर्माण होने को लेकर अभिनेत्री को नोटिस जारी कर दिया है।

आपको बता दें कि कंगना के घर में हुए कथित अवैध निर्माण का मामला फिलहाल कोर्ट में है। इस केस में 25 सितंबर को सुनवाई होनी है। सूत्रों के मुताबिक बीएमसी ने कहा है कि कंगना के घर में उनके दफ्तर से ज्यादा बीएमसी के नियमों का उल्लंघन कर अवैध निर्माण किया गया है। हाल ही में बीएमसी ने विवादों के बीच ढिंढोसी सिटी सिविल कोर्ट से अपील कर कंगना के घर में हुए अवैध निर्माण को तोड़ने की इजाज़त मांगी थी।

कंगना का घर मुंबई के खार इलाके में DB ब्रिज इमारत की पांचवीं मंजिल पर है। बीएमसी के आरोपों के मुताबिक कंगना के फ्लैट में आठ बदलाव किए गए हैं, जो नियमों के विरुद्ध हैं। आठ बदलाव हैं- फ्लैट में प्लांटेशन, छज्जा, बालकनी, टॉयलेट में बदलाव, स्टेयरकेस और किचन।

क्या है पूरा मामला
आरोप है कि साल 2018 में कंगना ने अपने घर में कई बदलाव किए थे जो नियमों के तहत नहीं हैं। इस संबंध में उस वक्त बीएमसी ने एमआरटीपी एक्ट के अंतर्गत नोटिस जारी किया था। उस वक्त कंगना रनौत ने सिटी सिविल कोर्ट में स्टे ऑर्डर लेकर बीएमसी की कार्रवाई पर रोक लगवाई थी। लेकिन उस वक्त कंगना ने कोई भी रेनोवेशन इजाजत का पत्र कोर्ट में पेश नहीं किया था, इसलिए बीएमसी ने कार्रवाई का स्टे ऑर्डर स्थगित करने की मांग को लेकर कोर्ट में नया सबमिशन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *