Rahul Gandhi के खिलाफ Lok Sabha में विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव

POLITICS राष्ट्रीय
Spread the love

किसान आंदोलन में मारे गये किसानों के लिए लोकसभा (Lok Sabha) में दो मिनट के मौन की घोषणा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ शुक्रवार को विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया गया।
लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों – डॉ. संजय जायसवाल, निशिकांत दुबे, पी पी चौधरी और मीनाक्षी लेखी ने विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।
सदन में निजी सदस्यों के संकल्प पर चर्चा के बाद भारतीय जनता पार्टी के डॉ. संजय जायसवाल ने विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि संसदीय कामकाज की अपनी स्थापित परम्परा है और उन परम्पराओं और मूल्यों को धता बताते हुए कांग्रेस सदस्य राहुल गांधी ने सदन में दो मिनट का मौन रखने का आदेश जारी किया, जो विशेषाधिकार हनन है।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि यदि श्री गांधी को किसानों की मौत को लेकर मौन धारण करवाना था तो वह संबंधित अनुरोध अध्यक्ष ओम बिरला से करते। लेकिन श्री गांधी ने बजट चर्चा में अपना सम्बोधन देने के बाद दो मिनट के लिए मौन धारण करने का सदस्यों से अनुरोध किया, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस तथा कुछ अन्य दलों के सदस्य अपनी सीट पर खड़े हो गये।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि ऐसा करके श्री गांधी ने संसद की गरिमा का हनन किया है और विशेषाधिकार हनन नोटिस पर विशेषाधिकार समिति में विचार किया जाना चाहिए।
भाजपा के ही राकेश सिंह ने कहा कि श्री गांधी का आचरण असंसदीय है। यदि उन्हें कोई मौन चाहिए था तो अध्यक्ष से आग्रह करना चाहिए था।
श्री सिंह ने कहा कि यह कांग्रेस का कार्यालय नहीं, बल्कि संसद है और यहां की अपनी कुछ गरिमा और परम्परा है।
भाजपा के ही पी पी चौधरी ने भी श्री गांधी और उनका साथ देने वाले सदस्यों के आचरण को संसदीय मर्यादा के खिलाफ करार दिया।
सुरेश
वार्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *