अभिनेता से राजनेता बने और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री C. Joseph Vijay की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जना नायकन’ आखिरकार 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की निर्माण कंपनी KVN प्रोडक्शंस ने बुधवार को आधिकारिक तौर पर रिलीज डेट की घोषणा की। यह फिल्म पहले जनवरी 2026 में पोंगल के मौके पर रिलीज होने वाली थी, लेकिन केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से जुड़े विवादों के कारण इसकी रिलीज टाल दी गई थी।
फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है, जबकि इसके निर्माता वेंकट के. नारायण हैं। रिलीज डेट की घोषणा के साथ जारी नए पोस्टर में पहली बार विजय को “द ऑनरेबल चीफ मिनिस्टर ऑफ तमिलनाडु सी. जोसेफ विजय “ के रूप में संबोधित किया गया है, जिसने प्रशंसकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है।
‘जना नायकन’ को तेलुगु की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘भगवंत केसरी’ का रीमेक बताया जा रहा है। फिल्म में मूल कहानी के भावनात्मक पक्ष को बरकरार रखते हुए राजनीतिक संदर्भों को भी प्रमुखता दी गई है।
फिल्म में पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, प्रकाश राज, बॉबी देओल, प्रियामणि, गौतम वासुदेव मेनन और नरैन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है, जबकि छायांकन सत्यन सूर्यान ने किया है।
CBFC ने फिल्म को ‘ए’ (Adults Only) प्रमाणपत्र दिया है। आधिकारिक प्रमाणन के अनुसार फिल्म की अवधि 183 मिनट (3 घंटे 3 मिनट) है। सेंसर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।
‘जना नायकन’ को विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। पूर्णकालिक राजनीति में आने और तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी अंतिम सिनेमाई प्रस्तुति होगी। इसी वजह से फिल्म को लेकर प्रशंसकों और फिल्म कारोबार में काफी उत्साह है।