Bulandshahr : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों को 574 करोड़ रुपये से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, टूलकिट, चेक, घरों की चाबियां, थर्मल प्रिंटर और प्रमाण पत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, विकास और रोजगार को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तथा कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की जगह सिर्फ जेल या जहन्नुम है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भय, आतंक और असुरक्षा का माहौल था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आए दिन दंगे और कर्फ्यू लगते थे। उन्होंने कहा कि उस समय बेटियां और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे, कई परिवारों ने अपनी बेटियों की पढ़ाई तक बंद कर दी थी। हर जिले में माफिया और हर थाने में वसूली का नेटवर्क सक्रिय था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। सरकार ने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और कानून का राज स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि नया उत्तर प्रदेश विकास और सुरक्षा का प्रतीक बन चुका है। बुलंदशहर से होकर गुजरने वाला गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई गति देगा और प्रयागराज तक की यात्रा लगभग पांच घंटे में पूरी हो सकेगी। इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे को जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे को भी मंजूरी मिल चुकी है। किसानों के मुआवजे में बढ़ोतरी के फैसले को भी उन्होंने सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और हवाई संपर्क से बुलंदशहर औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां इंटरनेशनल फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी और फिनटेक सिटी जैसी परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं, जिनका सबसे अधिक लाभ बुलंदशहर को मिलेगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज मोबाइल निर्माण, गन्ना उत्पादन, चीनी उत्पादन और एथेनॉल उत्पादन में देश में अग्रणी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का निर्माण हो रहा है। सरकार युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध करा रही है और सरकारी भर्तियों में अब सिफारिश या धनबल का कोई स्थान नहीं है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों के हितों की अनदेखी की, जिससे उत्तर प्रदेश पिछड़े राज्यों की श्रेणी में पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है तथा विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलंदशहर में शुरू और शिलान्यास की गई विकास परियोजनाएं जिले की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।