मप्र में सत्ता से दूर नजर आ रही कांग्रेस, संभावना बनी भी तो अन्य को साथ लेना होगा

समाचार POLITICS
Spread the love

एम के प्रसाद

भोपाल : मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के बाद कई राजनीतिक हस्तियों की किस्मत मतपेटी में बंद हो चुकी है और इसका निर्णय अब 10 नवम्बर को मतगणना के दिन मतपेटी खुलने के साथ होगा। किसे सत्ता का ताज मिलेगा और कौन सत्ता से बाहर, यह मतगणना के परिणाम पर निर्भर करता है, लेकिन इतना तो तय है कि कांग्रेस को सत्ता में वापस होने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ेगी, जबकि भाजपा को सत्ता में बने रहने के लिए केवल आठ और सीटों की दरकरार होगी।

मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर 69.68% वोटिंग हुई। ऐसा माना जा रहा था कि कोविड-19 के चलते मतदान कम होगा, लेकिन आंकड़े देखें तो लोगों ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हालांकि, मतदान के आंकड़ों से यह तय नहीं किया जा सकता कि मतदाताओं का रुझान किस तरफ था..? लेकिन, यह साफ है कि कांग्रेस 28 में से 21 सीटें भी जीतती है तो उसे सरकार बनाने के लिए सपा-बसपा और निर्दलीय विधायकों को साथ लेना होगा, जबकि, भाजपा आठ सीटें जीतकर अपनी सत्ता बचा लेगी। मध्य प्रदेश से पहले दिसंबर 2019 में कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीयू से टूटकर 17 विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। सत्ता हासिल करने के गुणा-भाग के चलते मध्यप्रदेश की तरह कर्नाटक में भी राजनीतिक दलों को न्यायालय जाना पड़ा था। बाद में 15 सीटों पर उपचुनाव हुआ था। कर्नाटक के उपचुनाव में पोलिंग परसेंटेज 66.49 था, जो 2018 के चुनाव से करीब पांच फीसदी कम रहा। वहां भाजपा 15 में से 12 सीटें हासिल कर सत्ता में आ गई थी।

कमोबेश मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में मतदान 2018 के चुनाव से तीन फीसदी कम हुआ, लेकिन कर्नाटक और मध्य प्रदेश में हुए राजनैतिक घटनाक्रम में बड़ा अंतर था। कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीयू से विधायक टूटकर भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन मध्यप्रदेश में कांग्रेस का एक धड़ा ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा में शामिल हुआ है। ऐसे में पोलिंग परसेंटेज से यह आकलन करना मुश्किल है कि मतदाताओं का झुकाव किस तरफ है..?  भाजपा के बैनर पोस्टरों से ज्योतिरादित्य सिंधिया भले ही गायब रहे, लेकिन मतदाताओं के लिए यह कोई बड़ी वजह नहीं थी।

 जीत का गणित

विधानसभा की कुल सीटें 230

(दमोह से कांग्रेस विधायक राहुल लोधी के इस्तीफा देने के बाद एक सीट और रिक्त हो गई है)

अब कुल संख्या: 229

उपचुनाव: 28 सीटें

भाजपा: 107, (बहुमत के लिए आठ सीटें चाहिए)

कांग्रेस: 87 (बहुमत के लिए 28 सीटें चाहिए)

कांग्रेस के पास दमोह से विधायक राहुल लोधी के इस्तीफा देने के बाद अब 87 सीटें हैं और बहुमत के लिए उसे 28 सीटों पर जीत की जरूरत है, लेकिन, अगर कांग्रेस मिली जुली सरकार बनाने की सोचती है तो उसे 21 सीटों पर जीत की जरूरत होगी। बहुमत के आंकड़े से दूर होने पर सात बसपा, सपा और निर्दलीय विधायकों की भूमिका अहम हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *