बिहार में बुधवार 28 अक्तूबर को पहले चरण के लिए मतदान होना है. जनता पांच सालों के लिए राज्य की गद्दी पर किस पार्टी को बैठाएगी इसका फैसला 10 नवंबर को होगा. हालांकि चुनाव में जनता को अपनी तरफ करने की हर राजनीतिक पार्टियां पुरजोर कोशिश कर रही हैं. महागठबंधन के नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने बीते शुक्रवार को राज्य में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया. अब पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को जनता के नाम एक वीडियो संदेश साझा किया है.
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार सुबह बिहार के वोटरों ने नाम एक संदेश दिया है, जिसमें उन्होंने मौजूदा नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए इस विधानसभा चुनाव में महागठबंधन का साथ देने की अपील की है. साथ ही सोनिया ने कहा कि अब बिहार में बदलाव की बयार है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर सोनिया गांधी के इस संदेश को जारी किया है. सोनिया गांधी का ये संदेश बिहार में पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले आया है.
सोनिया गांधी ने कहा, ‘’बिहार के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, बिहार की पवित्र और ऐतिहासिक धरती को मैं नमन करती हूं. आज बिहार में सत्ता और उसके अहंकार में डूबी सरकार अपने रास्ते से अलग हट गई. ना उनकी करनी अच्छी है और न उनकी करनी.’’ उन्होंने कहा, ‘’मजदूर आज मजबूर है. किसान आज परेशान है. नौजवान आज निराश है.’’
सोनिया ने आगे कहा, ‘’अर्थव्यवस्था की नाजुक स्थिति लोगों के जीवन पर भारी पड़ रही है. धरती के बेटों पर आज गंभीर संकट है. दलितों और महादलितों को बिहाली की कगार पर लाकर छोड़ दिया गया है. समाज के पिछड़े वर्ग भी इसी बदहाली के शिकार हैं. बिहार की जनता की आवाज कांग्रेस महागठबंधन के साथ है. आज बिहार की पुकार यही है.’’
‘बदलाव की बयार है।’
कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी का बिहार की जनता के नाम संदेश आपसे साझा कर रहा हूँ।
नए बिहार के लिए एकजुट होकर महागठबंधन को जीताने का समय है। pic.twitter.com/ptmzjEjQuh
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 27, 2020
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि दिल्ली-बिहार में बंदी सरकारें हैं, नोटबंदी-तालाबंदी, व्यापारबंदी, आर्थिकबंदी, खेत खलिहान बंदी, रोटी-रोजगार बंदी. इसलिए ऐसी बंदी सरकार के खिलाफ बिहार की जनता तैयार है और अब बदलाव की बयार है.
करीब पांच मिनट के संदेश में सोनिया गांधी ने आगे कहा कि बिहार के हाथों में गुण है, ताकत है लेकिन बेरोजगारी, पलायन, महंगाई ने आंखों में आंसू और पैरों में छाले दिए हैं. जो शब्द कहे नहीं जाते उन्हें आंसुओं से कहना पड़ता है.
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया ने कहा कि भय, डर के आधार पर नीतियां नहीं बनाई जा सकती हैं, बिहार भारत का आइना है, ये भारत की शान और अभिमान है. सोनिया गांधी ने कहा कि अब सवाल बेरोजगारी, खेती बचाने, स्वास्थ्य, शिक्षा का है.
आपको बता दें कि खराब तबीयत होने के कारण सोनिया गांधी चुनाव प्रचार नहीं कर रही हैं. इस बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी टीम ने ही मोर्चा संभाला हुआ है. कांग्रेस बिहार में 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और महागठबंधन का हिस्सा है.
बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत जिन 71 विधानसभा क्षेत्रों में 28 अक्टूबर को मतदान होना है, उनके लिए सोमवार की शाम प्रचार समाप्त हो गया. बिहार विधानसभा के प्रथम चरण के चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश में सत्ताधारी राजग का नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन रैलियों को संबोधित की जहां उन्होंने मतदाताओं से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में फिर से राजग की सरकार बनाने का अपील की. बिहार के विपक्षी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रथम चरण में दो रैलियों को संबोधित किया. उनकी पार्टी कांग्रेस लालू प्रसाद की राजद और तीन वाम दलों के साथ मिलकर यह चुनाव लड़ रही है.