राज्यसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- हम देश का मस्तक झुकने नहीं देंगे

राष्ट्रीय समाचार
Spread the love

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत-चीन बॉर्डर पर हालात के बारे में राज्‍यसभा को जानकारी दी. रक्षा मंत्री ने कहा कि शांति बहाल करने के लिए कई समझौते किए गए. चीन औपचारिक सीमाओं को नहीं मानता है. उसकी कथनी और करनी में फर्क है. हमारे जवानों ने गलवान घाटी में चीन को भारी क्षति पहुंचाई है. रक्षा मंत्री ने कहा कि चीन की किसी भी कार्रवाई का हम जवाब देंगे. चीन की ओर से उकसाने की कार्रवाई हुई है. LAC पर चीन की किसी भी कार्रवाई का जवाब देने के लिए हमारी सेना तैयार है.

राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे सशस्त्र बलों ने स्पष्ट रूप से नियमों का पालन किया है, जबकि चीन इससे पीछे हटा. रक्षा मंत्री ने कहा कि चीन की कार्रवाई हमारे विभिन्न द्विपक्षीय समझौतों की अवहेलना है. चीन द्वारा सैनिकों की कार्रवाई 1993 और 1996 के समझौतों के खिलाफ है. वास्तविक नियंत्रण रेखा का सम्मान और कड़ाई से निरीक्षण करना सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति का आधार है.

राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सेनाएं सीमा पर मजबूती के साथ डटी हुई हैं. भारत की तरफ से पहले सैन्य कार्रवाई नहीं की गई, जबकि चीन की तरफ से की गई है, लेकिन हमने उनके इरादों को कामयाब नहीं होने दिया. राजनाथ सिंह ने कहा कि हम इस मुद्दे को शांतिपूर्वक ढंग से सुलझाना चाहते हैं और हम चाहते हैं कि चीनी पक्ष हमारे साथ मिलकर काम करें.

रक्षा मंत्री ने सदन को बताया कि जवानों के लिए गरम कपड़े, उनके रहने के लिए विशेष टेंट, सभी अस्त्र-शस्त्र एवं गोला बारूद की पर्याप्त व्यवस्था की गई है. हमारे जवानों का हौसला बुलंद है. राजनाथ सिंह ने कहा कि यह सच है कि हम लद्दाख में एक चुनौती के दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन साथ ही मुझे पूरा भरोसा है कि हमारा देश और हमारे जवान इस चुनौती पर खरे उतरेंगे.

राजनाथ सिंह ने कहा कि सदन के माध्यम से मैं, 130 करोड़ देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम देश का मस्तक झुकने नहीं देंगे. यह हमारा, हमारे राष्ट्र के प्रति दृढ संकल्प है. रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे जवानों का जोश एवं हौसला बुलंद है, और हमारे जवान किसी भी संकट का सामना करने के लिए तैयार हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *