Vaishno Devi: वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से सीधी फ्लाइट के जरिए जम्मू पहुंचना आसान हो गया है। 23 मार्च से एयर इंडिया एक्सप्रेस ने हिंडन से जम्मू के लिए पहली सीधी उड़ान शुरू कर दी है। यह फ्लाइट सुबह 9:30 बजे हिंडन से रवाना होगी और दोपहर 1:00 बजे जम्मू से वापसी करेगी। इस सुविधा से खासकर दिल्ली-एनसीआर के श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
ट्रेन से सफर मुश्किल, फ्लाइट बनी नया विकल्प
गर्मी और नवरात्रि के मौसम में वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे ट्रेनों में टिकट मिलना बेहद मुश्किल हो गया है। जम्मू और कटरा जाने वाली प्रमुख ट्रेनों जैसे स्वराज एक्सप्रेस, श्रीशक्ति एक्सप्रेस, जम्मू मेल और झेलम एक्सप्रेस में वेटिंग 200 से भी ज्यादा हो गई है। कंफर्म टिकट न मिलने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब हिंडन से सीधी फ्लाइट इस समस्या का समाधान लेकर आई है।
चेन्नई और भुवनेश्वर के लिए भी नई उड़ानें
हिंडन एयरपोर्ट से केवल जम्मू ही नहीं, बल्कि अन्य बड़े शहरों के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू हो रही हैं। 22 मार्च को हिंडन से चेन्नई के लिए पहली फ्लाइट रवाना हुई, जिसमें 177 यात्री सवार हुए। वहीं, 30 मार्च से भुवनेश्वर के लिए भी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। इसके लिए बुकिंग प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। हिंडन एयरपोर्ट से नए गंतव्यों के लिए हवाई यात्रा शुरू होने से यात्रियों को बड़े शहरों तक कम समय में पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
नवरात्र में वैष्णो देवी यात्रा की बढ़ी मांग
30 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्र के चलते वैष्णो देवी यात्रा की मांग काफी बढ़ गई है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में माता के दर्शन के लिए जम्मू और कटरा जाने की योजना बना रहे हैं। टिकट बुकिंग में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने आरपीएफ और जीआरपी की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। रेलवे स्टेशनों पर टिकट दलालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
हवाई यात्रा को प्राथमिकता दे रहे यात्री
ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग और कंफर्म टिकट न मिलने की समस्या को देखते हुए अब श्रद्धालु हवाई यात्रा को प्राथमिकता दे रहे हैं। हिंडन से जम्मू की सीधी फ्लाइट न केवल यात्रा के समय को कम करेगी, बल्कि यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव भी देगी। इस पहल से विशेष रूप से दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिससे वे बिना किसी परेशानी के माता वैष्णो देवी के दर्शन कर सकेंगे।