बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद जिया खान (Zia Khan) की आत्महत्या भी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई। साल 2013 में जिया खान ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी और इस केस की जांच अभी सीबीआई कर रही है। जिया की मां ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली पर लगाया है जो जिया खान के बॉयफ्रेंड भी थे।
अब जिया खान के केस पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाई गई है। जिया खान की मौत पर बनी इस डॉक्यूमेंट्री का नाम डेथ इन बॉलीवुड है और इसका प्रसारण ब्रिटेन में बीबीसी पर हो रहा है। इस डॉक्यूमेंट्री का पहला पार्ट सोमवार को ही प्रसारित किया गया है। यह कुल 3 पार्ट में बनी हैं। बाकी के दोनों पार्ट मंगलवार और बुधवार को प्रसारित होंगे।
इस डॉक्यूमेंट्री में जिया की मां राबिया खान के अलावा आरोपी सूरज पंचोली के पिता आदित्य पंचोली का वर्जन भी शामिल किया गया है। बता दें कि शब्द, गजनी और हाउसफुल जैसी फिल्मों में काम कर चुकी जिया खान ने 3 जून 2013 को अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
जिया ने अपने सुसाइड नोट में कथित तौर पर सूरज पंचोली के साथ अपनी रिलेशनशिप का भी जिक्र किया था। सूरज को बाद में गिरफ्तार भी किया गया था और फिर जमानत पर रिहा कर दिया गया।