उत्तराखंड की दो विभूतियों को गणतंत्र दिवस पर दिए जाएंगे पद्मश्री पुरस्कार

प्रादेशिक समाचार
Spread the love

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश में पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। उत्तराखंड के खाते में इस बार सिर्फ दो पुरस्कार आए हैं वह भी पद्म श्री के रूप में। चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए डॉ. भूपेंद्र कुमार सिंह संजय को पद्म श्री देने की घोषणा की गई है।

इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए प्रेम चंद शर्मा को पद्म श्री मिला है। गणतंत्र दिवस के मौके पर उन्हें ये पुरस्कार दिया जाएगा। इस वर्ष 119 पद्म पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस सूची में 7 पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 102 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं।

बता दें कि साल 2019 में कला क्षेत्र में जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण और अनूप साह को पद्म श्री से नवाजा गया था। वहीं, 2020 में चिकित्सा क्षेत्र से डॉ. योगी एरन और सामाजिक कार्यकर्ता कल्याण सिंह रावत को पद्म श्री दिया गया था।

वहीं, 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में शहीद देहरादून निवासी एएसआई मोहन लाल को भी राष्ट्रपति पुलिस पदक (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाएगा ।

यह पुरस्कार हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित किए जाते हैं। पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों, पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री में प्रदान किया जाता है। ये पुरस्कार विभिन्न विषयों-गतिविधियों के क्षेत्रों, जैसे- कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, व्यापार एवं उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, नागरिक सेवा आदि में प्रदान किए जाते हैं।

गणतंत्र दिवस पर पद्म पुरस्कार देने के लिए राज्य को केंद्र सरकार को 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन करने थे। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 30 अप्रैल 2020 को यह प्रक्रिया शुरू की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *