नई दिल्ली: देश में कोरोना की वजह से सिनेमा हॉल बंद हैं. इस वजह से बॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ किया जा रहा है और कुछ फिल्में अभी रिलीज़ होना बाकी है. लेकिन नई खबर के मुताबिक हॉटस्टार पर रिलीज़ होने वाली फिल्मों की रिलीज़ डेट को आगे बढ़ा दिया गया है. जिनमें अक्षय कुमार की फिल्म ‘लक्ष्मी बॉम’ अजय देवगन की फिल्म ‘भुज- द प्राइड ऑफ़ इंडिया’ और अभिषेक बच्चन की ‘द बिग बुल’ शामिल हैं.
पहले अक्षय कुमार की फिल्म लक्ष्मी बॉम उनके जन्मदिन के अवसर पर रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन कुछ कारणों से इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गयी थी, ये दूसरा मौका है जब लक्ष्मी बॉम की रिलीज़ डेट को आगे बढ़ाया गया है. पहले इन फिल्मों को अक्टूबर तक डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ किए जाने का अनुमान था, लेकिन अब तीनों फिल्मों में से कोई भी अक्टूबर में रिलीज़ नहीं होगी. इसके पीछे का कारण इंडियन प्रीमियर लीग 2020 को बताया जा रहा है. बॉलीवुड हंगामा की खबर के मुताबिक आईपीएल शुरू होने की वजह से इन फिल्मों की रिलीज़ डेट को आगे बढाने का फैसला लिया गया है.
आईपीएल भारत के बडे़ इवेंट्स मे से एक है, जिसका असर फिल्मों की कमाई पर पड़ सकता है, इसलिए कई मीटिंग्स के बाद ये फैसला लिया गया है. फिल्मों की रिलीज़ को नवंबर तक के लिए रोक दिया गया है. हॉटस्टार पर दर्शकों की संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. सितंबर से अक्टूबर तक आईपीएल चलेगा. इसके बाद नवंबर में लक्ष्मी बॉम को रिलीज़ किया जाएगा, और भुज को दिसंबर में रिलीज़ करने की योजना है.
आपको बता दें कि अक्षय कुमार की फ़िल्म ‘लक्ष्मी बॉम’ हॉरर कॉमेडी फ़िल्म है। इसे शबीना ख़ान और तुषार कपूर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि राघव लॉरेंस का निर्देशन है. फ़िल्म में अक्षय के साथ कियारा आडवाणी हैं. वहीं अजय देवगन की भुज- द प्राइड ऑफ़ इंडिया एक वॉर फ़िल्म है. इसका निर्देशन अभिषेक दुधइया ने किया है. फ़िल्म की कहानी 1971 के इंडो-पाक वाॅर के दौरान की है. अजय ने फ़िल्म में स्क्वॉड्रन लीडर विजय कार्णिक का किरदार निभाया है. संजय दत्त और सोनाक्षी सिन्हा अहम भूमकाओं में हैं. ‘द बिग बुल’ का निर्देशन कूकी गुलाटी ने किया है, जबकि अजय देवगन इसके निर्माता हैं. फ़िल्म की कहानी अस्सी के दशक के अंत से नब्बे की शुरुआत तक फैली हुई है. अभिषेक बच्चन का किरदार वास्तविक जीवन से प्रेरित है.