नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए आयोजित एक राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन फिट इंडिया संवाद के दौरान लोगों को फिटनेस के लिए प्रभावित करने वाले लोगों के साथ बातचीत किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जितना इंडिया फिट होगा उतना ही हिट होगा। इस चर्चा में टीम इंडिया (क्रिकेट) के कप्तान विराट कोहली, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, मिलिंद सोमन और रुजुता स्वेकर भी शामिल हुए। सभी से प्रधानमंत्री ने बात की और उनके फिटनेस टिप्स के बारे में जाना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए फिटनेस मंत्र दिया…फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट ने अपने प्रभाव और प्रासंगिकता को इस कोरोना काल में सिद्ध करके दिखाया है। वाकई, फिट रहना उतना मुश्किल काम नहीं है जितना कुछ लोगों को लगता है।
Fitness is not merely physical. It is as much about mental fitness and a healthy mind.
A sound mind and a sound body are strongly linked.
Elaborated on this during the Fit India Dialogue. #NewIndiaFitIndia pic.twitter.com/vZimvvk3xf
— Narendra Modi (@narendramodi) September 24, 2020
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज देश को प्रेरणा देनेवाले ऐसे सात महानुभावों का भी मैं विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं क्योंकि आपने समय निकाला और आपके खुद के अनुभवों को बताया। फिट इंडिया मूवमेंट की पहली वर्षगांठ पर मैं सभी देशवासियों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”
पीएम मोदी ने कहा, “आज दुनियाभर में फिटनेस को लेकर जागरूकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने खाने, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य को लेकर वैश्विक रणनीति बनायी है। आज दुनिया के अनेक देशों ने फिटनेस को लेकर नए लक्ष्य बनाए हैं और उन पर अनेक मोर्चों पर वो काम कर रहे हैं, अनेक प्रकार के काम कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, ब्रिटेन, अमेरिका ऐसे अनेक देशों में इस समय बड़े पैमाने पर फिटनेस अभियान चल रहा है कि उनके ज्यादा से ज्यादा नागरिक रोजाना शारीरिक गतिविधि करें और शारीरिक गतिविधि के रूटीन से जुड़ें।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “मन चंगा तो कठौती में गंगा। ये संदेश आध्यात्मिक और सामाजिक रूप से तो महत्वपूर्ण है ही, लेकिन इसके और भी गहरे निहितार्थ भी हैं जो हमारी डेली लाइफ के लिए बहुत जरूरी है। इसका एक ये भी मतलब है कि हमारा मानसिक स्वास्थ्य भी बहुत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, “मुझे भरोसा है कि देशवासी फिट इंडिया मूवमेंट से और ज्यादा से ज्यादा जुड़ते रहेंगे और हम सब भी मिलकर लोगों को जोड़ते रहेंगे। फिट इंडिया मूवमेंट दरअसल हिट इंडिया मूवमेंट भी है। इसलिए, जितना इंडिया फिट होगा, उतना ही इंडिया हिट होगा। इसमें आप सभी के प्रयास हमेशा की तरह देश की बहुत मदद करेंगे।