गोरखपुर: गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज के बाल रोग संस्थान में बना 300 बेड का कोविड अस्पताल सात दिन बाद भी शुरू नहीं हो पाया। मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में पानी की दिक्कत है, लेकिन जल्दी ही इस परेशानी को दूर कर दिया जाएगा।
इसके बाद अस्पताल में कोविड मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
गोरखपुर में तेजी से बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए 300 बेड के इस अस्पताल को तैयार किया गया है। 300 बेड वाले इस अस्पताल से कोरोना मरीजों को राहत मिलेगी। अस्पताल का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा सात सितंबर को किया गया था। लेकिन पानी की समस्या होने के वजह से अब तक यहां मरीजों को भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। मिली जानकारी के मुताबिक कोविड अस्पताल के बाथरूम और टायलेट में काम अभी पूरा ना हो पाने की वजह से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। यही कारण है कि अस्पताल में मरीजों को अभी भर्ती नहीं किया जा रहा है। इस वार्ड में मेडिकल कालेज के जूनियर और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसी कारण इनकी छुट्टी भी निरस्त कर दी गई है।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य गणेश कुमार ने बताया कि कोविड वार्ड में कुछ काम अभी अधूरा है जोकि तेजी से पूरा किया जा रहा है। मरीजों के इलाज के लिए डॉक्टरों की कोई कमी नहीं है। जूनियर और सीनियर रेजिडेंट की ड्यूटी कोविड अस्पताल में लगाई जाएगी। अभी 200 बेड के कोविड वार्ड में 160 मरीज भर्ती हैं। 300 बेड वाले नए कोविड अस्पताल को जल्दी ही शुरू कर दिया जाएगा।