हाथरस केस: पीड़ित परिवार पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ लखनऊ रवाना, हाईकोर्ट में है सुनवाई

राष्ट्रीय समाचार
Spread the love

उत्तर प्रदेश के हाथरस कांड पर आज इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच में सुनवाई होने वाली है. कड़ी सुरक्षा के बीच पीड़िता का परिवार कोर्ट में पेश होगा. कोर्ट ने सरकार और पुलिस के उन तमाम बड़े अफसरों को भी तलब किया है जिनपर केस में लापरवाही बरतने का आरोप है.

परिवार से सदस्य सुबह के वक्त पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ निकले. परिवार के पांच लोग भारी सुरक्षा में लखनऊ जा रहे हैं. पीड़ित परिवार के एस्कॉर्ट में 6 गाड़ियां हैं. SDM अंजली गंगवार और CO भी पीड़ित परिवार के साथ लखनऊ जा रहे हैं. पीड़िता के परिवार के जो सदस्य लखनऊ जा रहे हैं उनमें पीड़िता के दोनों भाई, पिता, माता और भाभी शामिल हैं.

जस्टिस पंकज मित्तल और जस्टिस राजन राय की बेंच में सुनवाई होगी. गरिमापूर्ण तरीके से अंतिम संस्कार का अधिकार टाइटल के तहत मामला सूचीबद्ध है. इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच में सुनवाई 2.30 बजे शुरू होगी. कोर्ट ने वरिष्ठ वकील जेएन माथुर को मामले में एमिकस क्यूरी (न्‍याय मित्र) बनाया है. सरकार की ओर से वीके शाही पक्ष रखेंगे.

पीड़ित परिवार सुबह 6 बजे हाथरस से लखनऊ के लिए रवाना हुआ है और 11-12 बजे तक उनके लखनऊ पहुंचने की संभावना है. इससे पहले उन्हें लेने के लिए पुलिस की टीम बुलगढ़ी गांव पहुंची थी. हालांकि, पहले परिवार को रविवार रात में ले जाने की तैयारी थी, लेकिन रात में जाने से इनकार के बाद उन्हें सुबह लखनऊ के लिए ले जाया जा रहा है. पीड़ित परिवार ने पुलिस की ओर से हुई देरी के बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए रात में लखनऊ जाने से इनकार कर दिया था.

आपको बता दें कि हाईकोर्ट ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया है. यही नहीं, इस पूरे मामले को लेकर परिवार ने अपनी जान का खतरा बताया था. इस वजह से उन्हें पुलिस की सुरक्षा दी गई है. परिवार की सुरक्षा में करीब 60 पुलिसवालों की तैनाती की गई और घर के आसपास सीसीटीवी कैमरों का घेरा लगाया गया. इसके साथ ही घर आने-जाने वाले हर शख्स पर कड़ी नजर रखी गई.

वहीं, हाथरस कांड में रविवार को सीबीआइ गाजियाबाद की एंटी करप्शन ब्रांच ने हाथरस कांड में हत्या, सामूहिक दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट और जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है और हाथरस पहुंचकर जांच भी शुरू कर दी है. सीबीआई में हाथरस मामले की जांच ग़ाज़ियाबाद सीबीआई यूनिट में तैनात डीएसपी सीमा पाहुजा करेंगी. हाथरस कांड की जांच अभी तक एसआईटी कर रही थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *