हाथरस मामले में पीएम मोदी ने CM योगी को फोन कर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा

CRIME समाचार
Spread the love

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 30 सितंबर को हाथरस सामूहिक बलात्कार की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया. एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा कि उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने के लिए भी कहा है.

योगी आदित्यनाथ ने ट्विटर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाथरस बलात्कार मामले पर उनसे बात की. पीएम मोदी ने कहा, “अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो,”

हाथरस जिले के एक गाँव में दो सप्ताह पहले 19 वर्षीय एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था. युवती ने 29 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में आखिरी सांस ली, जिससे लोगों में नाराजगी, विरोध है और न्याय की मांग की जा रही हैं.

गठित एसआईटी का नेतृत्व भगवान स्वरूप करेंगे. डीआईजी चंद्रप्रकाश व कमांडेंट पीएसी आगरा पूनम इसके सदस्य होंगे. अधिकारी ने कहा कि एसआईटी को सात दिनों में अपनी रिपोर्ट देने को कहा गया है.

गौरतलब है कि हाथरस में चंदपा की दुष्कर्म पीड़िता का उसके गांव बुधवार रात में कड़ी सुरक्षा में अंतिम संस्कार कर दिया गया. इससे पहले शव को घर की जगह अंत्येष्टि स्थल पर ले जाने को लेकर गांव में विरोध शुरू हो गया. परिजन एंबुलेंस के आगे लेट गए. उनकी मांग थी कि शव को पहले घर पर ले जाया जाए. इसको लेकर लोगों की पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई.

युवती के साथ 14 सितंबर को सामूहिक बलात्कार किया गया था जिसके बाद उसे जेएन अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया था. हालत में सुधार के कोई संकेत नहीं मिलने के बाद उसे सोमवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *