PM at Longewala post

भारत आतंक के आकाओं को घर में घुसकर मारता है : मोदी

समाचार राष्ट्रीय
Spread the love

प्रधानमंत्री मोदी ने सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण जैसलमेर बॉर्डर के लोंगेवाला चौकी पर देश के जवानों के साथ दिवाली मनाई और उनकी हौसला आफजाई की।

इस अवर पर मोदी ने कहा कि जब भी जरूरत पड़ी है भारत ने दुनिया को दिखाया है कि उसके पास ताकत भी है और सही जवाब देने की राजनीतिक इच्छाशक्ति भी। आज भारत आतंक के आकाओं को घर में घुसकर मारता है, आज दुनिया यह समझ रही है कि यह देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं है।

प्रधानमंत्री ने जवानों से कहा, “आप भले बर्फीली पहाड़ियों पर रहें या फिर रेगिस्तान में, मेरी दिवाली तो आपके बीच आकर ही पूरी होती है। आपके चेहरों की रौनक देखता हूं और आपके चेहरे की खुशियां देखता हूं तो मुझे भी दोगुनी खुशी होती है।”

मोदी ने आगे कहा, “हिमालय की बुलंदियां हों, रेगिस्तान का विस्तार हो, घने जंगल हों या फिर समंदर की गहराई हो, हर चुनौती पर हमेशा आपकी वीरता भारी पड़ी है। दुनिया की कोई भी ताकत हमारे वीर जवानों को देश की सीमा की सुरक्षा करने से रोक नहीं सकती है। आपके इसी शौर्य को नमन करते हुए आज भारत के 130 करोड़ देशवासी आपके साथ मजबूती से खड़े हैं। आज हर भारतवासी को अपने सैनिकों की ताकत और शौर्य पर गर्व है। उन्हें आपकी अजेयता पर, आपकी अपराजेयता पर गर्व है। दुनिया का इतिहास हमें यह बताता है कि केवल वही राष्ट्र सुरक्षित रहे हैं, वही राष्ट्र आगे बढ़े हैं जिनके भीतर आक्रांताओं का मुकाबला करने की क्षमता थी।

उन्होंने कहा, “आज दुनिया यह जान रही है, समझ रही है कि यह देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं है। भारत का यह रुतबा, यह कद आपकी शक्ति और आपके पराक्रम के ही कारण है। आपने देश को सुरक्षित किया हुआ है इसीलिए आज भारत वैश्विक मंचों पर प्रखरता से अपनी बात रखता है। हाल ही में हमारी सेनाओं ने निर्णय लिया है कि वो 100 से ज्यादा हथियारों और साजो-सामान को विदेश से नहीं मंगवाएगी। मैं सेनाओं को इस फैसले के लिए बधाई देता हूं। सेना के इस फैसले से देशवासियों को भी लोकल के लिए वोकल होने की प्रेरणा मिली है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *