भारत ने ऑस्ट्रेलिया को रविवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में रविवार को छह विकेट से हराकर लगातार पांचवीं टी-20 सीरीज जीत ली।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को कैनबरा में खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में 11 रन से हराया था और दूसरे मैच में छह विकेट से हराकर उसने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली।
इससे पहले भारत ने 2019-20 में बांगलादेश को तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से, वेस्टइंडीज को तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से, श्रीलंका को तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से और न्यूजीलैंड को पांच मैचों की सीरीज में 5-0 से पराजित किया था। भारत ने इससे पहले 2017-18 से 2018-19 के बीच लगातार सात टी-20 सीरीज जीती थीं।
इसके अलावा विदेशी जमीन पर भारत की यह लगातार 10वीं जीत है। टीम इंडिया ने विंडीज को तीन, न्यूजीलैंड को पांच और ऑस्ट्रेलिया को दो मैच में परास्त किया। इस जीत के साथ भारत टी-20 में लगातार सबसे ज्यादा जीत हासिल करने के मामले में पाकिस्तान की बराबरी पर संयुक्त तीसरे स्थान पर आ गया है।
अफगानिस्तान ने 2018-19 में टी-20 में लगातार 12 जीत हासिल की थी, जबकि 2016-17 में उसने लगातार 11 मैच जीते थे। अफगानिस्तान इस सूची में क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान और भारत ने लगातार नौ-नौ मुकाबले जीते थे।
T-20 में ऑस्ट्रेलिया में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2016 में इसी मैदान पर भारत ने 198 रनों के लक्ष्य को हासिल किया था और ऑस्ट्रेलिया में टी-20 में सबसे बड़ी जीत हासिल की थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में नाबाद 42 रन की ताबड़तोड़ पारी खेल टीम को जीत दिलाने वाले और मैन ऑफ द मैच बने हार्दिक पांड्या ने रविवार को कहा कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिलना चाहिए था।
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 195 रन का लक्ष्य दिया था जिसे भारत ने 19.4 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाकर हासिल कर लिया। पांड्या ने 22 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 42 रन बनाए। पांड्या को उनकी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन पांड्या ने कहा कि नटराजन को यह पुरस्कार मिलना चाहिए था, जिन्होंने चार ओवर में मात्र 20 रन देकर दो विकेट लिए थे।
पांड्या ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया ने शानदार बल्लेबाजी की और हमें सिर्फ सकारात्मक रहना था। मेरे ख्याल से नटराजन को मैन ऑफ द मैच मिलना चाहिए था, क्योंकि सिडनी में गेंदबाज संघर्ष करते हैं लेकिन उन्होंने यहां अच्छे खेल का प्रदर्शन किया।”
अपनी पारी के लिए पांड्या ने कहा, “मैं हमेशा उस समय को याद करता हूं जब हम बड़े लक्ष्य का पीछा करते हैं, इससे मदद मिलती है। यह काफी आसान है। मैंने स्कोरबोर्ड देखा और उसके अनुसार अपने खेल को खेला। मुझे पता था कि किस गेंदबाज को टारगेट करना है। मैं ऐसी स्थिति में पहले भी कई बार रहा हूं और मैंने पिछली गलतियों से सबक लिया। मेरा खेल आत्मविश्वास के साथ होता है और मैं इसके साथ चलता हूं, लेकिन अति आत्मविश्वास से बचता हूं।”