भारतीय वायुसेना मना रही है 88वीं वर्षगांठ, राफेल के अलावा अन्य विमान दिखाएंगे अपनी ताकत

समाचार राष्ट्रीय
Spread the love

आज भारतीय वायुसेना का 88वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है. गाज़ियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर आज भारतीय वायुसेना अपनी 88वीं वर्षगांठ मना रही है. एयरफोर्स डे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायुसेना के सभी वीर योद्धाओं पर बधाई दी है.

इस बार एयरफोर्स के बेड़े में राफेल को भी शामिल किया गया है. राफेल के अलावा वायुसेना के कई अन्य लड़ाकू विमान इस दौरान अपनी ताकत दिखाएंगे.

वायुसेना दिवस के मौके पर गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर जश्न मनाया जा रहा है. कार्यक्रम की शुरूआत परेड से की जा रही है. उसके बाद फ्लाइ पास्ट की शुरुआत होगी, जहां वायुसेना के विमान अपना दम दिखाएंगे.

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे औरनौसेना स्टाफ के प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह हिंडन एयरबेस में 88 वें भारतीय वायु सेना दिवस समारोह में भाग ले रहे हैं.

IAF चीफ एयर चीफ मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने कहा कि मैं राष्ट्र को आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारतीय वायु सेना विकसित होगी और हमारे देश की संप्रभुता और हितों की रक्षा के लिए सभी परिस्थितियों में कभी भी तैयार रहेगी.

वायुसेना प्रमुख ने कहा कि राफेल, चिनूक और अपाचे हेलिकॉप्टर से भारतीय वायुसेना में शामिल होने से हमारी ताकत में इजाफा हुआ है.

एयर शो में चिनूक और अपाचे हेलीकाप्टर तीनों सेनाओं के प्रमुखों को सलामी देंगे। राफेल, तेजस और सुखोई की तिकड़ी ट्रांसफार्मर फार्मेशन बनाकर लोगों को अपनी ताकत दिखाएगी. इसके साथ ही सूर्यकिरण एरोबेटिक्स टीम और सारंग हेलीकाप्टर टीम के आकाशीय करतब लोगों को रोमांचित करेंगे. वहीं विंटेज विमान टाइगरमोथ और डकोटा लोगों को वायुसेना के एतिहासिक शौर्य से रूबरू करवाएंगे.

पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, ‘एयर फोर्स डे पर भारतीय वायुसेना के सभी वीर योद्धाओं को बहुत-बहुत बधाई. आप न सिर्फ देश के आसमान को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि आपदा के समय मानवता की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं. मां भारती की रक्षा के लिए आपका साहस, शौर्य और समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है.’

 

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर वायुसेना दिवस की शुभकामनाएं दीं. राजनाथ सिंह ने कहा, “हम आधुनिकीकरण और स्वदेशीकरण के जरिए भारतीय वायुसेना की युद्ध क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. मुझे विश्वास है कि चाहे कुछ भी भारतीय वायुसेना हमेशा राष्ट्र के आसमान की रक्षा करेगी.”

भारत में अमेरिकी राजदूत केन जस्टर ने आज भारतीय वायु सेना को 88 वीं वर्षगांठ पर बधाई दी. उन्होहंने कहा कि ‘रक्षा सहयोग अमेरिका-भारत संबंधों की आधारशिला है. हम इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए एक स्वतंत्र, खुले और नियमों पर काम करते हैं.’

समारोह की थीम ‘नई खोज करो, एकता में रहो और दुश्मन को भयभीत करो’ रखी गई है. हिंडन एयरफोर्स स्टेशन में वायुसेना दिवस समारोह को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है. बृहस्पतिवार सुबह छह बजे से ही रूट डायवर्जन शुरू हो जाएगा. एडवायजरी के मुताबिक दिल्ली और नोएडा जाने वाले लोगों से कहा गया है कि वे हिंडन एयरफोर्स स्टेशन की ओर न जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *