इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे ही दिन बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने किंग्स इलेवन पंजाब को सुपर ओवर में पहुंचे मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट में जीत से आगाज किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम ने मार्कस स्टोइनिस की आतिशी अर्धशतक के दम पर 8 विकेट पर 157 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में पंजाब की टीम ने मयंक अग्रवाल की 89 रन की पारी के दम पर 8 विकेट पर 157 रन बनाए और मैच टाई हो गया।
The Match Summary from Dubai.#Dream11IPL #DCvKXIP pic.twitter.com/OfLjeFVhGZ
— IndianPremierLeague (@IPL) September 20, 2020
स्कोर बराबर होने के बाद विजेता का फैसला सुपर ओवर से किया गया। दिल्ली की तरफ से कगिसो रबादा ने पंजाब को महज 2 रन पर ऑलआउट कर दिया। पंजाब की तरफ से बल्लेबाजी करने आए कप्तान केएल राहुल दो रन बनाकर आउट हो गए जबकि ग्लेन मैक्सवेल खाता भी नहीं खोल पाए। दिल्ली ने बिना विकेट खोए तीसरी गेंद पर लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की।
मयंक की पारी ने पंजाब की कराई वापसी
शुरुआत में धीमी पारी खेल रहे मयंक अग्रवाल ने 60 गेंद पर 89 रन की पारी खेलकर पंजाब की टीम को वापसी कराई। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। मयंक के आउट होने के बाद ही मैच टाई हो गई और सुपर ओवर में टीम को हार मिली।
क्रिस गेल को नहीं मिली जगह
पंजाब की टीम में विस्फोटक क्रिस गेल को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी गई है। इंग्लैंड से सीरीज खेलकर लौटे ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को टीम में जगह दी गई है। दिल्ली की टीम ने ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को प्लेइंग इलेवन में जगह दी।