जया बच्चन ने कहा- ‘बॉलीवुड को बदनाम करने की हो रही साजिश’, कंगना और रविकिशन ने दिया जवाब

समाचार राष्ट्रीय
Spread the love

नई दिल्ली: समाजवार्टी पार्टी की सांसद और दिग्गज अभिनेत्री जया बच्चन ने एक्टर-राजनेता रवि किशन के सोमवार को संसद में दिए बयान पर निशाना साधा. जया बच्चन ने कहा कि “सोशल मीडिया पर फिल्म इंडस्ट्री को बदनाम किया जा रहा है”. इससे पहले, कल गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा था कि ड्रग्स की लत का शिकार बॉलीवुड भी है. बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत मामले की जांच में ड्रग्स का एंगल सामने आने के बाद बॉलीवुड में ड्रग्स की चर्चा तेज हो गई है.

जया बच्चन ने आज राज्यसभा में बीजेपी सांसद के बयान को लेकर कहा, “कुछ लोगों की वजह से, आप पूरी इंडस्ट्री की छवि खराब नहीं कर सकते हैं. मुझे कल बहुत बुरा लगा जब लोकसभा के एक सदस्य, जो खुद इंडस्ट्री से ताल्लुक रखते हैं, ने फिल्म इंडस्ट्री के बारे में खराब बोला. जिस थाली में खाते हैं उसी में छेद करते हैं.”

राज्यसभा में जया बच्चन ने कहा कि एंटरटेनमेंट इंडस्‍ट्री हर दिन 5 लाख लोगों को सीधे तौर पर रोजगार देती है. ऐसे वक्‍त में जब अर्थव्‍यवस्‍था बेहद बुरी हालत में है, लोगों का ध्‍यान हटाने के लिए हमें सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जा रहा है.

जया बच्चन पर कंगना रनौत ने ऐसे किया पलटवार
जया बच्‍चन के बयान पर कंगना रनौत ने ट्वीट कर कहा, ‘जया जी क्‍या आप तब भी यही कहतीं अगर मेरी जगह आपकी बेटी श्‍वेता को टीनएज में पीटा गया होता, ड्रग्‍स दिए गए होते और शोषण होता क्‍या आप. तब भी यही कहतीं अगर अभिषेक लगातार बुलींग और शोषण की बात करते और एक दिन फांसी से झूलते पाए जाते? थोड़ी हमदर्दी हमसे भी दिखाइए.’

जया बच्चन के बयान पर रवि किशन का जवाब
रवि किशन ने कहा कि जया जी से ये उम्मीद नहीं थी. मैं सेंट्रल हॉल में उनके पैर छूता हूं. हमें लगा था कि वो समर्थन देंगी. दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री को एक प्लान के तहत खत्म किया जा रहा है. जया जी ने मेरा वक्तव्य सुना ही नहीं. हमें इस इंडस्ट्री को बचाना है.

उन्होंने आगे कहा कि हम ये आवाज उठा रहे हैं तो मैं चाहता था कि मेरे सीनियर्स साथ आएं. चाहे उनकी पार्टी अलग है पर मेरे देश के युवाओं को खोखला नहीं कर सकते, मैं खोखला नहीं होने दूंगा चाहे मेरी जान चली जाए.

रवि किशन ने कहा कि ये कई हजार करोड़ का बिजनेस है. कल मैंने आवाज उठाई और मेरे सपोर्ट की जगह मुझे जलील किया गया. मैं वही हूं जिसने कहा था कि जिंदगी झंड बा फिर भी घमंड बा.

उन्होंने आगे कि मैं रेंग कर ऊपर आया हूं मैंने थाली में छेद नहीं किया है. एक साधारण पुरोहित का बेटा हूं और बिना किसी सपोर्ट के आज मैं इस मुकाम पर पंहुचा हूं. मैंने 650 फिल्में की हैं. मैं योगी जी को दिल से धन्यवाद देता हूं उन्होंने अच्छा काम किया है.

दरअसल बॉलीवुड में ड्रग्स के मुद्दे की गूंज सोमवार को संसद में भी सुनाई दी. भोजपुरी सुपरस्टार और बीजेपी सांसद रवि किशन ने इस मुद्दे को सदन में उठाया. मानसून सत्र में कार्यवाही के दौरान रवि किशन ने कहा कि ड्रग्स की तस्करी और युवाओं द्वारा इसका सेवन करना हमारे देश के सामने नई चुनौती बनकर सामने आया है. युवाओं को भटकाने के लिए चीन और पाकिस्तान साजिश के तहत पंजाब और नेपाल के जरिए यह ड्रग्स पूरे देश में फैलता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *