Jharkhand के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 187.15 करोड़ रुपये की 151 योजनाएं गोड्डावासियों को तोहफे में दी है और कहा है कि उनकी सरकार हर कदम पर जनता के साथ है और वह जनभावनाओं से भली- भांति वाकिफ हैं।
वह गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्रखंड के राजाभीठा में विकास योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास एवं लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमाम विपरीत पतिस्थितियों के बीच सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं, जिसका लाभ आम जनमानस को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जन कल्याण के लिए हमेशा से प्रतिबद्ध रही है।
श्री सोरेन ने कहा, ‘‘हमारी सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ आदिवासी, दलित, शोषित, वंचित, गरीब और किसानों- मजदूरों को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।’’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ऐसी कई योजनाएं लेकर आई है, जिससे जुड़कर यहां के लोग सशक्त बन रहे हैं। अब ऐसी ही कई और जन कल्याण से जुड़ी योजनाओं को शुरू करने की कार्य योजना तैयार हो रही है । ये नई योजनाएं इस राज्य की दशा और दिशा बदलने का एक महत्वपूर्ण जरिया बनेगी। इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर अपने संसाधनों को बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लगभग 187 करोड़ 15 लाख रुपये की 151 योजनाओं का तोहफा गोड्डावासियों को दिया, जिनमें 58 करोड़ 62 लाख रुपये की 73 योजनाओं का उद्घाटन एवं 128 करोड़ 53 लाख रुपये की 78 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। वहीं, विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
श्री सोरेन ने इस विशेष मौके पर राज्य की बहन- बेटियों को झारखंड मईंयां सम्मान योजना की सम्मान राशि प्रदान कर रक्षा बंधन की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नारी सशक्तीकरण सरकार की प्रतिबद्धता है। यहां की महिलाएं काफी मेहनतकश हैं। वे घर-परिवार भी चलाती हैं और आमदनी के लिए काम भी करती हैं । ऐसे में हमारी सरकार राज्य की महिलाओं एवं बहन-बेटियों के लिए पहले से ही कई योजनाएं चला रही हैं। इसी क्रम में झारखंड मुख्यमंत्री मइयाँ सम्मान योजना नाम से एक और ऐतिहासिक कड़ी आज से जुड़ रही है। इस योजना के तहत महिलाओं और बहन- बेटियों को हर वर्ष 12 हज़ार रुपये सम्मान राशि मिलेगी।’’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य की बच्चियां पैसे के अभाव में पढ़ाई से वंचित न रहे, इसके लिए उन्हें सावित्रीबाई किशोरी समृद्धि योजना के तहत 40 हज़ार रुपये दिया जा रहा है। इस योजना के अब तक नौ लाख से ज्यादा बच्चियां जोड़ी जा चुकी हैं। वहीं, 50 वर्ष से अधिक की महिलाओं को भी पेंशन योजना का लाभ दे रहे हैं ।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही है। सरकार की कई योजनाएं हैं, जिससे जुड़कर लोग स्वावलंबी बन रहे हैं। हमारी सरकार ने सर्वजन पेंशन योजना लागू कर सभी बुजुर्गों, एकल महिलाओं और दिव्यांगों को आर्थिक सुरक्षा कवच दे रही है। वहीं, किसानों के दो लाख रुपये तक का ऋण माफ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत स्वरोजगार के इच्छुक नौजवानों को 25 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जा रही है ताकि वे खुद के साथ दूसरों को भी रोजगार दे सकें। बड़े पैमाने पर खाली पड़े पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया तेज गति से चल रही है। इसके साथ सभी श्रेणी के सरकारी कर्मियों के हित में कई अहम निर्णय लिए गए हैं। सरकारीकर्मियों को बुढ़ापे की लाठी के रूप में पुरानी पेंशन योजना दी गयी है। अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारियों की सेवा शर्तों में सुधार के साथ मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका जैसे अन्य कर्मियों को सम्मानजनक प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। सरकार के निर्णयों से राज्य भर में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।
इस मौके मंत्री- सत्यानंद भोक्ता, बेबी देवी एवं दीपिका पांडेय सिंह, विधायक प्रदीप यादव तथा कल्पना सोरेन के अलावा जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।