नयी दिल्ली: राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दीपों के उत्सव ‘दिवाली’ के अवसर पर देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री कोविंद ने शनिवार को ट्वीट के जरिये दिये बधाई संदेश में कहा, “दिवाली के शुभ अवसर पर मैं सभी देशवासियों और विदेश में बसे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मेरी कामना है कि खुशियों और प्रकाश का यह महापर्व, देश के हर घर में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करे।”
उन्होंने कहा, “यह पर्व हमें मानवता की सेवा की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करता है। आइए संकल्प करें कि जिस प्रकार एक जलता हुआ दीपक अनेक दीपकों को प्रज्वलित कर सकता है, उसी प्रकार से हम समाज के निर्धन, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां बांटते हुए आशा एवं समृद्धि का दीप बनें।”
उन्होंने कहा, “दिवाली स्वच्छता का भी उत्सव है, इसलिए हम प्रदूषण से मुक्त, पर्यावरण के अनुकूल और स्वच्छ दिवाली मनाकर प्रकृति का भी सम्मान करें।”
श्री नायडू ने अपने बधाई संदेश में कहा, “’दीपों का पर्व’ आप सबके जीवन में बहुत खुशियां लाये! अपना सामान स्थानीय कारीगरों, शिल्पियों और निर्माताओं से खरीदें… ताकि उनके घर भी खुशियां आ सकें। कोविड महामारी अभी गयी नहीं है, अतः सावधानी बरतें। शुभ दीपावली।”
श्री मोदी ने अंधकार पर प्रकाश के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, “सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक मंगलकामनाएं । यह त्योहार सभी को और अधिक उज्ज्वल और खुशहाली दे। सभी लोग समृद्ध और स्वस्थ रहें।”
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दीपावली के पावन पर्व की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए लोगों से आग्रह किया कि सभी लोग देश की सीमाओं पर मुस्तैद सैनिकों के प्रति सम्मान स्वरुप एक दीया अवश्य जलायें। श्री सिंह ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आज कई ट्वीट किये। उन्होंने लिखा, “दीपावली के पावन पर्व की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। यह पर्व आप सभी के जीवन में आनंद, उल्लास, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए यही मंगलकामना है। आपकी दीपावली शुभ एवं मंगलमय हो। खुशहाल दीपावली।”
सैनिकों के सम्मान में आज दीपावली पर एक दीया प्रज्वलित करने का आग्रह करते हुए श्री सिंह ने लिखा, “दीपावली के इस अवसर मैं देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सभी सैनिकों, एवं उनके परिवारजनों को विशेष रूप से अपनी शुभकामनाएँ देता हूँ। मैं देश के सभी सैनिकों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं पराक्रम को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना करता हूँ। सैनिकों को सलाम।”
उन्होंने कहा, “मैं देश के पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को भी दीपावली की शुभकामनाएँ देता हूँ। उन्होंने देश की सुरक्षा और सेवा में अपना जीवन दिया है। भले ही अब वे सक्रिय सेवा में नहीं हैं पर देश के लिए कुछ भी करने का उनका जज़्बा हमेशा क़ायम रहता है।”
रक्षामंत्री ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इस दीपावली पर सभी देशवासियों से एक आग्रह किया है कि भारत की रक्षा में लगे सभी सैनिकों के सम्मान में एक दीया अपने घर पर जलाना है। आप सभी आज एक दीया सैनिकों के लिए ज़रूर जलायें और सैनिकों के प्रति अपने सम्मान की अभिव्यक्ति करें।”
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा यह पवित्र पर्व सभी देशवासियों के जीवन में सुख और समृद्धि लाये।
श्री शाह ने ट्विटर पर लिखा, “दीपावली का यह पवित्र पर्व सभी देशवासियों के जीवन में सुख और समृद्धि लाये, सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूँ। दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं।”
श्री जावड़ेकर ने कहा, “सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।”
श्री नकवी ने ट्वीट किया, “आप सभी को ‘दिवाली’ के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं”