पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत और चीन के बीच जारी सीमा विवाद को लेकर दोनों देशों के बीच सोमवार को छठी बार कोर कमांडर स्तर की वार्ता होगी. दोनों कमांडरों के बीच यह बातचीत चीन वाले हिस्से की तरफ चुशुल-मोल्डो में होगी. इस दौरान विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव के मौजूद रहने की भी संभावना है.
India and China scheduled to hold their 6th Corps Commander level talks tomorrow at Chushul/Moldo meeting point in the Eastern Ladakh sector to address the ongoing military stand-off there: Sources
— ANI (@ANI) September 20, 2020
इस वार्ता में 10 सितंबर को मास्को में भारत एवं चीन के विदेश मंत्रियों के बीच हुए समझौते के क्रियान्वयन पर ध्यान केंद्रित किए जाने की संभावना है. एक सूत्र ने कहा, ‘हम टकराव के सभी बिंदुओं से चीनी बलों को शीघ्र एवं पूरी तरह पीछे हटाने पर जोर देंगे. यह सीमा पर शांति स्थापित रखने की दिशा में पहला कदम है.’ भारत-चीन के बीच होने वाली इस कमांडर स्तर की वार्ता से पहले शनिवार को भारतीय सेना की एक उच्च स्तरीय बैठक हुई थी.
इस बैठक में एनएसए अजीत डोभाल और सीडीएस जनरल बिपिन रावत समेत आला अधिकारी शामिल हुए थे. इस बैठक में भारत की तरफ से चीन के सामने कौन-कौन से मुद्दे उठाए जाएंगे ये तय किया गया था.
15 जून को गलवान घाटी में हुई थी हिंसक झड़प
गौरतलब है कि 15 जून की रात गलवान घाटी में भारत और चीन की सेना के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है. चीन के अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने इस बात की पुख्ता जानकारी दी थी कि गलवान घाटी में चीन की सेना को भारी नुकसान पहुंचा था और कई जवानों की मौत हो गई थी.