नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कहा कि मोदी सरकार देश की जनता की गाढ़ी कमाई से अखबारों में अंग्रेजी में विज्ञापन देकर अपना चेहरा चमकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा बताए कि देश के 62 करोड़ किसान और कृषि क्षेत्र के मजदूरों में वे कौन से लोग हैं, जो अंग्रेजी विज्ञापन को पढ़कर मिनिमम सपोर्ट प्राइस, पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम और पब्लिक सिक्योरमेंट को समझेंगे।’ उन्होंने ने कहा कि अंग्रेजी में विज्ञापन देना, क्या गरीब, दबे, कुचले व छले किसानों का मजाक उड़ाना नहीं है, क्या उसके जख्मों पर नमक छिड़कना नहीं है?
राघव चड्ढा ने कहा कि आज हम भारतीय जनता पार्टी को साफ तौर पर चेतावनी देना चाहते हैं कि किसान को आपने जो ठगने की कोशिश की है और अब अंग्रेजी में विज्ञापन देकर मोदी जी अपना जो चेहरा चमकाना चाहते हैं, अपनी सरकार का चेहरा चमकाना चाहते हैं, इस चीज को देश का गरीब किसान आवश्य याद रखेगा और इस देश का गरीब का किसान सड़क से लेकर संसद तक इन दुष्कर्मों के लिए आपसे प्रायश्चित भी करवाएगा।
वहीं, राज्यसभा में ‘आप’ के सांसद एन.डी. गुप्ता ने कहा कि देश में 2014 से जुमले की सरकार आई है। केंद्रीय गृहमंत्री ने खुद स्वीकारा है कि वो जुमले देते हैं, एमएसपी भी एक जुमला था। अब किसान कहीं भी माल भी बेच सकेंगे, लेकिन उसमें कास्ट प्राइस और एमएसपी का कोई लेना-देना नहीं होगा, किसानों को उनके रहमो करम पर छोड़ दिया गया है।
एन.डी. गुप्ता ने कहा कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह का कुर्ता फाड़ दिया गया, संसद में मार्शल ने उनका पैर पकड़ खींचा और आठ सांसदों को निलंबित कर दिया गया। यह सरकार, आर्डिनेंस सरकार हो गई है, इसे न स्टैंडिंग कमेटी, न सेलेक्ट कमेटी और न पार्लियामेंट में विपक्ष की जरूरत है।