एनसीबी की गिरफ्त में कॉमेडियन भारती सिंह, गांजा हुआ था बरामद

मनोरंजन CRIME
Spread the love

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत में ड्रग्स एंगल आने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की कार्रवाई की आंच शनिवार को कॉमेडियन भारती सिंह तक पहुंच गयी। एनसीबी की टीम ने पहले तो भारती को अपनी हिरासत में लिया और बाद में शाम तक उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले भारती के घर और कार्यालय पर एनसीबी के छापे भी पड़े थे और वहां से करीब 87 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। इस मामले में भारती के पति हर्ष लिंबाचिया पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटकने लगी है।
दरअसल, एनसीबी ने मुंबई के खारदांडा इलाके में 21 नवंबर को छापेमारी की थी और 21 साल के एक ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 40 ग्राम गांजा, नशीली दवाएं आदि बरामद हुई थीं। आरोपी से पूछताछ के बाद एनसीबी ने भारती सिंह के घर औऱ कार्यालय में छापेमारी की थी। उनके पास से 86.5 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। जांच एजेंसी की पूछताछ में भारती और हर्ष ने स्वीकार किया कि वे गांजे का सेवन करते हैं।
भारती को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेज (NDPS) की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। ड्रग्स मामले में यह किसी कलाकार की बड़ी गिरफ्तारी है। इससे पहले एनसीबी ने बॉलीवुड कलाकार अभिनेत्री दीपिका पादुकोणे, रकुल प्रीत सिंह और सारा अली खान जैसी अभिनेत्रियों से पूछताछ की थी। दीपिका की टैलेंट मैनेजर दीपिका प्रकाश पर भी शिकंजा कसा था। एनसीबी की जांच का पूरा प्रकरण बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के मामले के बाद शुरू हुआ था। इस मामले में ड्रग्स कनेक्शन की जांच एनसीबी ने शुरू की थी औऱ सबसे पहले सुशांत की गर्लफ्रैंड रिया चक्रवर्ती, शौविक औऱ कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *