भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (NEET) प्रश्नपत्र लीक मामले में मुख्य विपक्षी Congress पर निशाना साधते हुए कहा कि राजग सरकार संसद में इस मामले पर चर्चा को तैयार है, खुद Congress सहित विभिन्न विपक्षी दल इससे बचना चाह रहे हैं।
BJP ने कहा है कि सरकार छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और परीक्षा में अनियमितताओं के मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजग सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े हर मुद्दे पर, हर स्तर पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, उनकी पार्टी Congress और पूरा विपक्ष चर्चा से बच रहा है, क्योंकि विपक्षी दलों के नेताओं को पता है कि सदन में बहस होने पर उनका दोहरा चरित्र सामने आ जाएगा।
इससे पहले राहुल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने और देश की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद होने देने का आरोप लगाया था।
गौरतलब है कि इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्षी दल संसद परिसर में मकर द्वार के निकट आमने-सामने आ गये तथा एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। इसके साथ ही परिसर का माहौल थोड़ा गर्म नजर आया।
BJP अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि Congress का पिछले पांच-छह दशकों का इतिहास युवाओं को ‘‘गुमराह करने और भड़काने’’ का रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने युवाओं को हमेशा गुमराह करने और भड़काने का काम किया है।’’
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार ने नीट पेपर लीक मामले में आरोपियों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी है और वह छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।