देश के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का परिणाम शुक्रवार को जारी होगा. बीते 13 सितंबर को मेडिकल में दाखिले के लिए 14.37 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसके नतीजे घोषित होने पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की आधिकारिक वेबसाइट ntaneet.nic.in पर अपना परिणाम देख सकेंगे.
एनटीए एमबीबीएस और बीडीएस कोर्सेस में दाखिले के लिए आयोजित नीट प्रवेश परीक्षा के परिणाम, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आज दोपहर बाद 4 बजे तक जारी कर सकता है. हालांकि, परिणाम घोषित किये जाने के निश्चित समय की घोषणा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा फिलहाल जारी नहीं की गयी है.
बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने NEET 2020 परीक्षा 13 सितंबर को कोविड -19 महामारी के बीच आयोजित की थी. इसके अलावा, NEET UG आंसर की 26 सितंबर को जारी की गई थी.परीक्षा का आयोजन कोरोना संकट के बीच किया गया. ऐसे में इस साल विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा मुफ्त परिवहन और आवास की घोषणा की गई थी. स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार इस बार परीक्षा में कोरोना पॉजिटिव छात्र हिस्सा नहीं ले पाए थे. इसे लेकर छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका डालकर गुहार लगाई थी.
.@DG_NTA will be declaring the results of #NEETUG 2020 on 16th October 2020. Exact timing of the results will be intimated later. I wish all the best to the candidates. #NEETResult2020 #NEETRESULTS
— Dr. Ramesh Pokhriyal Nishank (@DrRPNishank) October 12, 2020
इस परीक्षा का रिजल्ट पहले 12 अक्टूबर को घोषित किया जाना था जो कि बाद में 16 अक्टूबर को घोषित करने की बात कही गई. एनटीए के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा था कि परीक्षा का रिजल्ट जल्द ही जारी किया जाएगा. वहीं शिक्षामंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट के जरिये जानकारी दी.
NEET 2020 के परिणाम की घोषणा के बाद, परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था 85 प्रतिशत मेडिकल और डेंटल सीटों के लिए NEET काउंसलिंग आयोजित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ राज्यवार NEET मेरिट सूची भी जारी करेगी. अभ्यर्थी NEET काउंसलिंग के लिए 15 प्रतिशत अखिल भारतीय कोटा (AIQ) सीटों और 85 प्रतिशत राज्य-कोटा सीटों के लिए पंजीकरण कर सकेंगे.
ऐसे चेक करें नीट का रिजल्ट
-सबसे पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
-एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट ntaneet.nic.in है.
-यहां आपको होम पेज पर ही रिजल्ट का लिंक मिलेगा.
-इस पर क्लिक करने के बाद आपको अपनी जानकारी भरनी होगी.
-आप रोल नंबर और अन्य दूसरी जानकारियों के जरिए लॉग इन कर सकते हैं.
-इसके बाद आपका रिजल्ट खुल जाएगा जिसे आप डाउनलोड कर सकते हैं.