तिरुवनंतपुरम : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार देर शाम केरल के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे से दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया. इनमें से एक लश्कर-ए-तैयबा का है जबकि दूसरा इंडियन मुजाहिदीन का है.
सऊदी अरब के रियाद से तिरुवनंतपुरम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद दोनों आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया. उनमें से एक उत्तर प्रदेश का निवासी है, जबकि दूसरा केरल का निवासी है.
शोएब नाम का केरल मूल का व्यक्ति 2008 में बेंगलुरु में हुए सिलसिलेवार विस्फोटों का आरोपी है और धमाकों के बाद से वह फरार था. उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था और उसे आखिरकार एनआईए ने बेंगलुरु शहर एंटी-टेररिस्ट सेल (एटीआई) की मदद से गिरफ्तार कर लिया. यूपी मूल निवासी दिल्ली हवाला कांड का एक आरोपी है, केंद्रीय एजेंसियों द्वारा शोएब को बेंगलुरु लाया जा रहा है.
कल, सरकार ने केरल और कर्नाटक में आईएसआईएस आतंकवादियों की “महत्वपूर्ण संख्या” की उपस्थिति का दावा करते हुए संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट को खारिज कर दिया.
लोकसभा में रिपोर्ट पर उठाए गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए, जी किशन रेड्डी ने कहा, सरकार को रिपोर्ट के बारे में पता था. उन्होंने कहा, “हालांकि, केरल और कर्नाटक में आईएसआईएस आतंकवादियों की ‘महत्वपूर्ण संख्या’ की मौजूदगी का दावा करने वाली उक्त रिपोर्ट तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है.”
यह घटना तीन आतंकवादियों- इयाकुब विश्वास, मुर्शीद हसन और मुशर्रफ हुसैन से जुड़ी हुई है, जो अलकायदा से जुड़े थे जिन्हें शनिवार को एर्नाकुलम से एनआईए ने पकड़ लिया था. पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से छह और लोगों को गिरफ्तार किया गया. एजेंसी ने कहा कि समूह निर्दोष लोगों को मारने और समाज में एक भय पैदा करने के उद्देश्य से भारत में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर आतंकवादी हमले करने की योजना बना रहा था.