राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA)ने केरल और बंगाल में शनिवार सुबह तड़के कई छापे मारे. इस दाैरान नौ अल-कायदा आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है. एनआईए ने अलकायदा मॉड्यूल को लेकर केरल और पश्चिम बंगाल में छापेमारी की है.
जांच एजेंसी एनआईए ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और केरल के एर्नाकुलम में छापे मारे हैं. एनआईए को पश्चिम-बंगाल और केरल के साथ भारत में विभिन्न स्थानों पर अल-कायदा के गुर्गों के एक अंतर-राज्य मॉड्यूल के बारे में पता चला था. समूह भारत में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर आतंकवादी हमले करने की योजना बना रहा था. बंगाल से छह आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन आतंकवादियों को सुबह की छापेमारी में केरल से गिरफ्तार किया गया है.
एनआईए ने गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों के पास से डिजिटल उपकरण, दस्तावेज, जिहादी साहित्य, धारदार हथियार सहित बड़े पैमाने पर अन्य सामग्रियां बरामद की है.
एनआईए का कहना है कि इन लोगों को सोशल मीडिया के जरिये पाकिस्तान स्थित अल-कायदा आतंकवादियों द्वारा कट्टरपंथी बनाया गया है और दिल्ली-एनसीआर के साथ मिलकर कई स्थानों पर हमले करने के लिए प्रेरित किया गया है.
एनआईए के मुताबिक हमले के मकसद से मॉड्यूल सक्रिय रूप से धन जुटाने में लिप्त था और गिरोह के कुछ सदस्य हथियारों और गोला-बारूद की खरीद के लिए दिल्ली की यात्रा करने की योजना बना रहे थे.
गिरफ्तार किए गए सभी आतंकवादियों – मुर्शिद हसन, इयाकुब विश्वास, मोसराफ होसेन, नजमुस साकिब, अबू सुफियान, मोइनुल मंंडल, लेउ यीन अहमद, अल मामून कमाल और अतितुर रहमान – को पुलिस हिरासत में लेने के लिए केरल और बंगाल की अदालतों में ले जाया जाएगा.