पहलगाम में हुए आतंकवादी हमलों के बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत को ललकारने की कोशिश की तथा जम्मू, पठानकोट और उधमपुर स्थित सैन्य स्टेशनों समेत विभिन्न प्रमुख भारतीय प्रतिष्ठानों पर ड्रोन और मिसाइल से अंधाधुंध हमले किये, लेकिन भारतीय सशस्त्र बलों के पराक्रम एवं प्रौद्योगिकी से लैस हमारी सेना ने ये कोशिशें नाकाम कर दी। रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत में 15 सैन्य ठिकानों पर पाकिस्तानी हमलों के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के कई स्थानों पर वायु रक्षा प्रणालियों को निशाना बनाया।
रक्षा एवं सुरक्षा प्रतिष्ठान के सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी प्रयासों को विफल करने के लिए एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली, सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल और एकीकृत मानवरहित विमान रोधी प्रणाली का इस्तेमाल किया गया।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आज जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइल द्वारा जम्मू, पठानकोट और उधमपुर स्थित सैन्य स्टेशनों को निशाना बनाया गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘स्थापित मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुरूप ‘काइनेटिक’ और ‘नॉन-काइटनेटिक’ क्षमताओं का उपयोग करके खतरों को तेजी से बेअसर कर दिया गया।’’ उन्होंने कहा कि किसी के हताहत होने या साजो सामान के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
आज सुबह जवाबी कार्रवाई में भारत ने कामिकेज ड्रोन दागे और लाहौर में पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट कर दिया।
मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने बुधवार की रात अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज को निशाना बनाने का प्रयास किया।