बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं के भविष्य और सपनों की सुरक्षा संबंधी संदेश का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोस्ट साझा करते हुए उनके संदेश को दोहराया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा था, “देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश केंद्र सरकार की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार युवाओं की आकांक्षाओं की रक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यदि कोई व्यक्ति या संस्था युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने या उनके सपनों से खिलवाड़ करने की दोषी पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।