मुबंई में फेल हुआ पावर ग्रिड लोकल की ट्रेनें रूकी, स्टॉक एक्सचेंज में काम जारी

समाचार राष्ट्रीय
Spread the love

देश की आर्थिक राजधानी यानी मुंबई (Mumbai) की रफ्तार सोमवार को थम सी गई है. सोमवार को शहर में बिजली आपूर्ति की पावर ग्रिड फेल हो गई है. इससे शहर में बत्‍ती गुल हो गई है. साथ ही लोकल ट्रेनें भी रुक गई हैं. तीनों लाइनों पर लोकल सेवा बंद कर दी गई है. पश्विच रेलवे को सोमवार सुबह पावर ग्रिड फेल होने के कारण चर्चगेट और वसई के बीच लोकल ट्रेन सेवा रोकनी पड़ी. मुंबई के कई इलाकों में गोरेगाँव, अंधेरी, सयान, प्रभादेवी और ठाणे के भी कई इलाको में बिजली बंद है. जानकारी के मुताबिक 50-60% मुंबई में बिजली नहीं है.

बेस्ट इलेक्ट्रिसिटी की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि टाटा कडुना में ग्रिड फेल होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है. असुविधा के लिए खेद है. हालांकि, बेस्ट की ओर से बताया नहीं गया है कि कब तक बिजली आपूर्ति फिर से शुरू हो पाएगी. बांद्रा, कोलाबा, माहिम इलाके में सुबह 10 बजे से ही बिजली गुल है.

लोकल रेल सेवा के सभी सिग्नल भी बंद पड़ गए हैं. जो ट्रेन जहां थी, वहीं पर खड़ी है. यात्रियों सही जानकारी ना मिलने से बैचेनी हो रही है. मरीन लाइन्स की तरफ से चर्चगेट की तरफ लोग पटरी पर चलते नजर आए. रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर (सीपीआरओ) ने कहा कि ग्रिड फेल होने के कारण मुंबई लोकल ट्रेन की सेवा बाधित हुई है. बिजली की आपूर्ति शुरू होने के बाद लोकल की सेवा फिर से शुरू हो जाएगी.

जानकारी के मुताबिक मुंबई के ट्रैफिक सिग्नल काम नहीं कर रहे हैं. बिना पॉवर बैकअप वाले अस्पतालों में भी स्थिति चिंताजनक हो गयी है. हालांकि स्टॉक एक्सचेंज में काम जारी होने की खबर है.

मुंबई में 360 मेगावाट की आपूर्ति प्रभावित हुई है. पूरे मुंबई में बिजली गुल है. बिजली की आपूर्ति को फिर से शुरू करने के लिए काम किया जा रहा है. महाराष्‍ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत का कहना है कि इस समस्‍या को एक घंटे में हल कर लिया जाएगा. सरकार इसे ठीक करने के पूरे प्रयास कर रही है.

पूरे मुंबई में 10 बजकर 15 मिनट पर बिजली गुल गई है. जो ग्रिड फेल हुआ है वो मुंबई के ठाणे के कलवा इलाके में है, मरम्मत के दौरान ग्रिड फेल हुआ है. मुंबई में बिजली सप्लाई करने वाली कंपनी टाटा पॉवर ने खेद जताते हुए बयान जारी किया है. टाटा पॉवर ने बयान में कहा, ”ग्रिड फेल होने से चर्चगेट से बोरीविली के बीच बंद हो गयी है. जल्द ही इसे ठीक कर लिया जाएगा. ग्राहकों से अनुरोध है कि सहयोग करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *