Prime Minister Modi जल्द करेंगे पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान राष्ट्र को समर्पित, ओपीडी सेवाएं पहले ही शुरू

राष्ट्रीय
Spread the love

हरियाणा के पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान का जल्द ही Prime Minister Modi मोदी औपचारिक उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। संस्थान में मरीजों के लिए दैनिक ओपीडी परामर्श और उपचार सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। यह जानकारी केंद्रीय आयुष तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने गुरुवार को हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात के दौरान दी।

राजभवन में हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के बीच हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने और आयुष प्रणाली को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने राज्यपाल को बताया कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान अब नियमित रूप से मरीजों को ओपीडी सेवाएं प्रदान कर रहा है और प्रधानमंत्री द्वारा इसके औपचारिक उद्घाटन की प्रतीक्षा की जा रही है।

प्रतापराव जाधव ने कहा कि पंचकूला स्थित यह संस्थान उत्तर भारत में आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान और मरीजों के उपचार का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार आयुष प्रणाली को समग्र स्वास्थ्य सेवा का अभिन्न हिस्सा बनाने के उद्देश्य से लगातार प्रयास कर रही है और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

बैठक के दौरान राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने रेवाड़ी में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया, ताकि दक्षिण हरियाणा के लोगों को जल्द से जल्द उन्नत तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है, जिससे प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती चिकित्सा सुविधाएं पहुंच सकें। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अवसंरचना में निरंतर निवेश से ही सभी नागरिकों को समान स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकती हैं।

केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसके साथ ही आयुष प्रणाली को भी नई मजबूती मिल रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में भी स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है और केंद्र सरकार राज्य को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने राज्यपाल को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रचार-प्रसार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पहलों की भी जानकारी दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *