Prime Minister Narendra Modi ने इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड की अपनी छह दिवसीय यात्रा पूरी कर भारत के लिए प्रस्थान किया। न्यूज़ीलैंड से रवाना होते समय वहां के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन स्वयं प्रधानमंत्री मोदी को विदा करने के लिए हवाई अड्डे पहुंचे। इससे पहले, न्यूज़ीलैंड आगमन पर भी उन्होंने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया था।
विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री की यात्रा को सफल बताते हुए कहा कि इस दौरे से द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती मिली है और साझा भविष्य को नई दिशा मिली है। मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, शिक्षा, नवाचार तथा जन-से-जन संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं।
विदेश मंत्रालय ने कहा, “यह यात्रा संबंधों को और अधिक गहरा करने, साझेदारियों को मजबूत बनाने और साझा भविष्य को नई दिशा देने वाली रही।” मंत्रालय ने यह भी बताया कि न्यूज़ीलैंड में हुई सार्थक वार्ताओं और प्रमुख परिणामों की समीक्षा के बाद प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए रवाना हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को छह दिनों की तीन देशों की यात्रा पर रवाना हुए थे। इस दौरान उन्होंने इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं कीं तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर सहमति बनी।