एम के प्रसाद
भोपाल : देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस तथा एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं समाज में आर्थिक रूप से सबसे कमजोर तबके के कल्याण का विचार देने वाले पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को मध्य प्रदेश सरकार गरीबों और पिछड़ों के लिए समर्पित करने का प्रयास कर रही है और इसी के तहत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार जनकल्याण पखवाड़ा का आयोजन कर रही है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इस बाबत खुद ही जानकारी दी थी। उन्होंने पिछले दिनों कहा था कि प्रदेश में 16 सितम्बर से जनकल्याण के कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हो रही है। यह श्रृंखला पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिवस 25 सितम्बर तक निरंतर चलेगी।
जनकल्याण कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत पहला कार्यक्रम 16 सितम्बर को राशन वितरण से प्रारम्भ होगा। सोलह सितम्बर को मध्य प्रदेश के करीब 37 लाख ऐसे गरीब भाई-बहनों को राशन का वितरण शुरू किया जा रहा है, जिनके पास पात्रता पर्ची नहीं है।
अगले दिन 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन है और इसे भी राज्य सरकार ने यादगार बनाने की कोशिश की है। अपने इसी प्रयास के तह इस महत्वपूर्ण दिन पर प्रदेश के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों को पोषण आहार के साथ ही दूध का वितरण भी प्रारंभ किया जा रहा है। श्री चौहान ने कहा था कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री श्री मोदी का जन्म दिवस है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सदैव गरीब वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी है। इस नाते उनके जन्म दिवस पर आंगनवाड़ी केंद्रों में दुगध वितरण आरंभ किया जायेगा।
उसके अगले दिन यानी 18 सितम्बर को फसल बीमा योजना की राशि 4600 करोड़ रुपये प्रदेश के 20 लाख किसानों के खातों में अंतरित की जायेगी। कोरोना संकट और हाल ही में हुई अतिवर्षा की परिस्थितियों के मद्देनजर किसानों को मिल रही यह राशि उनके लिए राहत प्रदान करने वाली होगी।
आदिवासी नागरिकों को सशक्त बनाने की दिशा में पहल करते हुए राज्य सरकार 19 सितम्बर को वनाधिकार के पट्टे पात्र आदिवासी भाइयों-बहनों को प्रदान करेगी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में रेहड़ी वाले, फल बेचने वाले, खिलौने बेचने वाले और अन्य स्ट्रीट वेंडर्स को 10 हजार रुपये की ब्याज मुक्त ऋण का वितरण किया जाएगा। इसी क्रम में 20 सितम्बर को संबल योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित करने का कार्य भी किया जाएगा। प्रदेश में 21 सितम्बर को स्व-सहायता समूहों को मजबूत बनाने का नया अभियान शुरू हो रहा है। इसके अंतर्गत अलग-अलग स्व-सहायता समूहों के खाते में 150 करोड़ रुपये की राशि जमा कराई जाएगी।
मेधावी विद्यार्थियों को लेपटॉप के लिए राशि वितरण का कार्य 22 सितम्बर को किया जाएगा, जबकि 23 सितम्बर को प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान योजना के हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) दिया जाएगा। इसके अलावा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देने के लिए सहकारी बैंकों को 800 करोड़ रुपये की राशि दी जा रही है।
एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं समाज में आर्थिक रूप से सबसे कमजोर तबके के कल्याण का विचार देने वाले पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितम्बर के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा बिजली के बिलों में दी गई रियायत के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।