बिग बॉस फेम एक्ट्रेस सना खान ने बॉलीवुड छोड़ने का एलान कर दिया है. गुरुवार को अपने सोशल मीडिया पर उन्होंने एक बड़ा नोट लिखा और इसके जरिये इंडस्ट्री को छोड़ने की जानकारी दी.
एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है. जिसमें उन्होंने अपने बॉलीवुड छोड़ने का ऐलान किया है. यानि अब सना खान भी जायरा वसीम की राह पर चल पड़ी हैं. एक्ट्रेस ने अपने मेसेज में ऐसा करने की वजह मजहब को बताया है. सना खान ने यह पोस्ट शेयर करते हुए अपने फैसले को जिंदगी का सबसे अहम फैसला बताया है. साथ ही उन्होंने अपने फैसले पर खुशी भी जताई हैं. सना ने कहा है कि वह मानवता की सेवा करना चाहती हैं और अब से वह अल्लाह के आदेशों का पालन करेंगी।
सना इंस्टग्राम पर लिखा, ‘भाइयो और बहनो… आज मैं अपनी जिंदगी के एक अहम मोड़ पर आपसे बात कर रही हूं. मैं सालों से शो बिज़ की जिंदगी गुजार रही हूं और इस अरसे में मुझे हर तरह की शोहरत, इज्जत और दौलत अपने चाहने वालों की तरफ से नसीब हुई. जिसके लिए मैं उनकी शुक्रगुजार हूं.’
सना आगे लिखती हैं- ‘लेकिन अब कुछ दिन से मुझ पर ये अहसास कब्जा जमाए हुए है कि दुनिया में आने का मकसद क्या सिर्फ ये है कि वो दौलत और शोहरत कमाए? क्या उसका ये फर्ज नहीं होता कि वो अपनी जिंदगी उन लोगों की खिदमत करे जो बेआसरा और बेसहारा हैं? क्या उसे ये नहीं सोचना चाहिए कि मौत किसी भी वक्त आ सकती है और मरने के बाद उसका क्या बनने वाला है. इन दो सवालों के जवाब मैं मुद्दत से तलाश कर रही हूं. खासकर दूसरे सवाल का जवाब कि मरने के बाद मेरा क्या होगा?’
https://www.instagram.com/p/CGFm-Q-AFEh/?utm_source=ig_embed
सना ने लिखा, ‘इस सवाल का जवाब जब मैंने अपने मजहब में तलाश किया तो मुझे पता चला कि दुनिया की ये जिंदगी असल में मरने के बाद की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए है और वो इससे सूरत में बेहतर होगी. इसलिए मैं आज ये एलान करती हूं कि आज से मैं अपने शो-बिज की जिंदगी छोड़कर इंसानियत की खिदमत और अपने पैदा करने वाले के हुकुम पर चलने का पक्का इरादा करती हूं. तमाम बहनों और भाइयों से दरख्वास्त है कि वो अब मुझे शो-बिज के किसी काम के लिए दावत न दें. बहुत-बहुत शुक्रिया.’
उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 2005 में आई ये है हाई सोसाइटी नाम की फिल्म से की थी. इसके बाद उन्हें बिग बॉस सीजन 6 से बड़ा ब्रेक मिला था. वो सलमान खान की फिल्म ‘जय हो’ में भी नजर आईं. हाल ही में उन्होंने अपने एक्स बॉयफ्रेंड मेल्विन लुईस पर कई आरोप लगाए थे. एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर भी मेल्विन को लेकर कई पोस्ट लिखे थे. जिसके बाद एक्ट्रेस एक बार फिर सुर्खियों में आ गई थीं. वहीं अब मनोरंजन जगत को अलविदा कहने को लेकर भी एक्ट्रेस की चर्चा हो रही है.