सैनिटाइजेशन, ऑक्सीजन, होम आइसोलेशन के कार्यों में नगर निगम टीम ने किया बेहतर प्रयास
अंजली चौधरी/विशेष संवाददाता
COVID काल में नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर शहरवासियों के लिए किसी संकटमोचक की तरह कार्य कर रहे हैं, क्योंकि पिछले दिनों जिस प्रकार से कोविड-19 (COVID) के एकाएक संक्रमण से पीड़ित शहरवासियों ने बहुत अधिक परेशानियों का सामना किया, उन्हीं परेशानियों का समाधान करने के लिए प्रशासन द्वारा कई नई व्यवस्थाएं शहर वासियों के हित संवर्द्धन के लिए की जा चुकी है। जिसके दृष्टिगत यह कहना बिल्कुल सही है कि गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, आईएएस (IAS) के कुशल नेतृत्व में Ghaziabad में सैनिटाइजेशन, फागिंग, ऑक्सीजन (Oxygen) तथा होम आइसोलेशन की कार्यवाही को जिस सुव्यवस्थित तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। उससे आमलोगों और सत्ताधारी दल के शुभचिंतकों को भी काफी राहत मिली है।
ऐसे सुव्यवस्थित हुआ सैनिटाइजेशन
आमतौर पर कुशल नेतृत्व के धनी नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर बहुत ही योजनाबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। जिसके क्रम में गाजियाबाद का प्रमुख दायित्व साफ-सफाई, फागिंग तथा सैनिटाइजेशन है जिसे कोविड 19 काल में जगह जगह पर कराया जा रहा है। इसके चलते नगर निगम की दैनिक कार्यशैली प्रभावित न हो, इसके लिए अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव को सैनिटाइजेशन व्यवस्था का नोडल प्रभारी बनाया गया तथा प्रतिदिन शहर में लगभग 500 क्षेत्रों में पार्षदों की मदद से सैनिटाइजेशन का कार्य संपन्न किया जा रहा है।
सर्वसुलभ किया गया ऑक्सीजन गैस
गत दिनों जब शहर में ऑक्सीजन सिलिंडर की समस्याओं को बढ़ते देखा गया तो उत्तर प्रदेश के जनपद नोडल ऑफिसर द्वारा नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तवर को ऑक्सीजन गैस का नोडल प्रभारी बनाया गया, ताकि सटीक योजनाओं के तहत कार्य कर शहर को ऑक्सीजन की समस्या से छुटकारा दिलाया जा सके। और बिल्कुल ऐसा ही हुआ। उनका चयन इतना सटीक निकला कि नगर वासियों को आज पांचों जोनल कार्यालयों के माध्यम से निर्धारित समय के अनुसार ऑक्सीजन गैस उपलब्ध हो रही है, जिसमें एक बहुत बड़ी टीम नगर आयुक्त द्वारा लगाई गई, ताकि किसी प्रकार की भीड़ भाड़ या अन्य कार्य अव्यवस्थित न हों। इस नजरिए से नगर आयुक्त ने पूरी कार्यवाही को संभालने के लिए उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह को ऑक्सीजन गैस के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी, जिसके बाद हुए टीम वर्क का तकाजा है कि आज शहरवासियों में ऑक्सीजन गैस की किल्लत समाप्त हो गई है। वहीं, सभी हॉस्पिटलों में भी लगातार निरीक्षण कर ऑक्सीजन गैस सिलेंडरों की उपलब्धता का जायजा लिया जाता है। लगभग 150 से अधिक, ऑक्सीजन गैस के सिलेंडर प्रतिदिन भरवा कर उपभोक्ताओं तक पहुंचाये जा रहे हैं, जिसके लिए शहर वासियों का बहुत सारा धन्यवाद गाजियाबाद के नगर आयुक्त को मिल रहा है।

होम आइसोलेशन में भी रखा सबका ख्याल
अब हम बात करते हैं शहर को होम आइसोलेशन उपलब्ध कराने की, जिसके क्रम में देखा गया है कि प्रशासन द्वारा निजी संस्थाओं-एनजीओ के साथ सहयोग कर मानसरोवर में 150 बेड की व्यवस्था, मेडिकल किट की व्यवस्था, खानपान की व्यवस्था व अन्य कई व्यवस्थाओं के साथ होम आइसोलेशन केंद्र को तैयार किया गया है। जिसमें गाजियाबाद नगर आयुक्त द्वारा मोइनुद्दीन, मुख्य अभियंता निर्माण को नोडल प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि होम आइसोलेशन केंद्र में 40 से अधिक लोग दो दिन में एडमिट हुए हैं तथा कोविड-19 संक्रमण को शहर में फैलने से रोका जा रहा है।
खास बात यह कि उपरोक्त सभी कार्य एक टीम के साथ किए जा रहे हैं। प्रशासन के आदेश पर दी गई जिम्मेदारियों का सभी निर्वाह कर रहे हैं। नगर आयुक्त को उम्मीद है कि शहर को शीघ्र ही कोविड-19 संक्रमण से मुक्ति मिलेगी और शहरवासियों की जीत होगी। बता दें कि कोविड 19 की परिस्थितियों में आसन्न जटिल कार्यों को बहुत ही सरलता से संपूर्ण करने के लिए नगर आयुक्त द्वारा शहर के सांसद, विधायकों तथा महापौर आशा शर्मा के निर्देशन व सुझाव में कार्य किया जा रहा है। वहीं, शहरवासियों, गणमान्य व्यक्तियों, निगम पार्षदों द्वारा भी गाजियाबाद नगर निगम के इस अनूठे कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है तथा सभी संस्थाओं का समुचित सहयोग भी प्राप्त हो रहा है।