आकाशीय बिजली से राजस्थान में 12 से ज्यादा लोगों की मौत, CM ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

समाचार राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर में रविवार को जबरदस्त बारिश हुई है. तेज बारिश के साथ ही आकशीय बिजली गिरने से शहर में 12 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई. जबकि जयपुर में आमेर महल के सामने वॉच टावर पर बिजली गिरने से 35 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. अभी वहां रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है. प्रदेश में बिजली गिरने से हुई दुखद घटनाओं पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संवेदना व्यक्त की है. सीएम ने सभी मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है.

सीएम अशोक गहलोत ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि कोटा, धौलपुर, झालावाड़, जयपुर और बारां में आज आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है. प्रभावितों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें सम्बल प्रदान करें. अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाएं.

वहीं बीजेपी नेता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि, राजस्थान के धौलपुर, कोटा, जयपुर, झालावाड़ और बारां में आकाशीय बिजली से बच्चों समेत कई जनों के हताहत होने की खबर अत्यंत दुखद है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा उनके परिजनों को इस मुश्किल घड़ी में शक्ति प्रदान करें.

मौसम विभाग के मुताबिक जयपुर में आज एक घंटे के अंदर 63 मिमी यानी 2.40 इंच बारिश दर्ज हुई. ये पिछले साल जुलाई 2020 में पूरे महीने में हुई कुल बारिश से भी ज्यादा है. जुलाई 2020 में 40.4 मिमी पानी बरसा था.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *